
चंडीगढ़ में बढ़ती आपराधिक घटनाओं के बीच अब ट्रैफिक पुलिस भी एक्शन मोड में आ गई है। कई महीनों तक मैनुअल चालान और वाहनों की चेकिंग में ढील देने के बाद विभाग ने सख्ती शुरू कर दी है।
ट्रैफिक पुलिस ने इस बाइक के चालान कोर्ट भेजा तो देस्तावेज देख कर्मचारी भी दंग रह गए। अब अदालत ने आरोपी को तलब किया है। आरोपी बाइक चालक ने 544 बार ट्रैफिक नियमों को तोड़ा है और उसके 299 चालान पेंडिंग है, जिनका जुर्माना 2.99 लाख रुपये है। हर चालान का एक हजार रुपये फाइन है। ज्यादातर चालान रेड लाइट जंप के हैं।
17 दिन में 6698 चालान
23 मार्च से 8 अप्रैल के बीच ट्रैफिक पुलिस ने 6698 मैनुअल चालान किए, जबकि 757 वाहनों को जब्त किया गया। 28 मार्च से ड्रंकन ड्राइविंग के खिलाफ विशेष नाके शुरू किए गए, जिनमें 177 चालान शराब पीकर वाहन चलाने वालों के किए गए। नियमों के अनुसार अगर चालक के साथ वाहन में कोई अन्य व्यक्ति मौजूद नहीं होता, तो वाहन को जब्त भी किया गया। जबकि पिछले कई महीनों से ड्रंकन ड्राइविंग नाके नहीं लग रहे थे। सूत्रों ने बताया कि नए साल और होली पर ड्रंकन ड्राइविंग नाके लगे थे, लेकिन वरिष्ठ अधिकारियों ने वाहन चालकों के चालान करने से मना किया हुआ था। होली के दिन कई बार वायरलेस सेट पर मैसेज फ्लैश किया गया कि किसी भी वाहन चालक को नहीं रोकना है। जबकि पूरे शहर में नाके लगे हुए थे।
81 दिन तक नहीं काटा एक भी मैनुअल चालान
पुलिस सूत्रों के अनुसार 1 जनवरी से 22 मार्च तक ट्रैफिक पुलिस ने एक भी मैनुअल चालान नहीं किया। इस दौरान करीब 81 दिन तक मैनुअल चालान पूरी तरह बंद रहे। हालांकि थाना पुलिस ने अपने स्तर पर 3255 चालान किए। अब सख्ती बढ़ने के बाद न केवल चालान किए जा रहे हैं, बल्कि संदिग्ध वाहनों को रोककर जांच भी की जा रही है, जिससे अपराधियों पर लगाम लग रही है।