
कस्बा में स्थित केएल जैन इंटर कॉलेज में गुरुवार की सुबह करीब दस बजे विश्व नवकार महामंत्र दिवस मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय के समस्त स्टाफ और छात्र-छात्राओं ने एकत्र होकर नवकार महामंत्र का सामूहिक जाप किया। इससे पूरा परिसर भक्तिमय वातावरण में सराबोर हो गया।
आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ शांत और अनुशासित माहौल में हुआ। जहां मौजूद सभी विद्यार्थियों और शिक्षक तथा स्टाफ के लोगों ने एक स्वर में नवकार महामंत्र का उच्चारण कर सकारात्मक ऊर्जा का संचार किया। विद्यार्थियों में विशेष उत्साह और अनुशासन देखने को मिला, जिसने कार्यक्रम की गरिमा बढ़ाई। कार्यक्रम का सफल संचालन शोभित जैन ने किया। इस अवसर पर विद्यालय के वीरेंद्र प्रताप सिंह, पंकज जैन, विनय जैन और अन्य शिक्षकों ने नवकार महामंत्र की महिमा पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि नवकार महामंत्र में किसी व्यक्ति विशेष का नहीं, बल्कि उन पवित्र आत्माओं का वंदन किया गया है, जिन्होंने मोक्ष प्राप्त किया है या उसके मार्ग पर अग्रसर हैं। प्रधानाचार्य और शिक्षकों ने सभी को जीवन में सत्य, अहिंसा और सदाचार के मार्ग पर चलने का संदेश दिया। उल्लेखनीय है कि विश्व नवकार महामंत्र दिवस प्रतिवर्ष नौ अप्रैल को मनाया जाता है। इसकी शुरुआत भारत के प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी द्वारा की गई थी। यह दिन जैन धर्म के इस पवित्र मंत्र के माध्यम से विश्व शांति, भाईचारे और मानवता का संदेश देने के लिए समर्पित है। यह आयोजन एक सौ आठ से अधिक देशों में सामूहिक जाप के रूप में मनाया जाता है, जिससे वैश्विक स्तर पर सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है।
Author: Sunil Kumar
SASNI, HATHRAS

