Bareilly News: स्मार्ट मीटर वाले 5620 उपभोक्ताओं की बिजली काटी, बिल न चुकाने पर विद्युत निगम ने की कार्रवाई

Picture of ILMA NEWSINDIA

ILMA NEWSINDIA

SHARE:

बरेली में बिल न चुकाने पर स्मार्ट मीटर वाले उपभोक्ताओं पर विद्युत निगम ने बड़ी कार्रवाई की है। निगम ने 5620 उपभोक्ताओं की बिजली आपूर्ति बंद कर दी। इन उपभोक्ताओं पर 1.42 करोड़ रुपये का बिल बकाया है।

Electricity supply to 5,620 smart metered consumers was cut off for non-payment of bills in Bareilly

बरेली में बकाया बिल न चुकाने पर बुधवार की सुबह स्मार्ट मीटर वाले 5,620 उपभोक्ताओं की बिजली काट दी गई। इनके ऊपर करीब 1.42 करोड़ रुपये का बिल बकाया है। सुबह करीब आठ बजे बिजली आपूर्ति कटने के बाद बुधवार को दिनभर इनमें से कई उपभोक्ता विद्युत निगम के कार्यालयों व हेल्प डेस्क के चक्कर लगाते रहे।

जिले में स्मार्ट मीटर वाले उपभोक्ताओं की संख्या करीब 1.10 लाख है। इनमें से शहरी क्षेत्र में करीब 65 हजार उपभोक्ता रहते हैं। इसमें से 2,226 उपभोक्ताओं का बिल बकाया होने पर बुधवार की सुबह बिजली काट दी गई। इनके ऊपर 54 लाख नौ हजार 982 रुपये का बिल बकाया है।

वहीं, ग्रामीण क्षेत्रों में करीब 50 हजार स्मार्ट मीटर वाले उपभोक्ताओं में से 3,394 उपभोक्ताओं की बिजली काट दी गई। इन उपभोक्ताओं पर 87 लाख सात हजार 711 रुपये का बिल बकाया है। विद्युत निगम के कार्यालय पहुंचे कई उपभोक्ताओं ने बताया कि उन्होंने बिल भी जमा कर दिया, इसके बाद भी आपूर्ति शुरू नहीं हुई है। 

बिल जमा करने के बाद भी नहीं आई बिजली
कांकर टोला के अहमद रजा ने बताया कि उन पर तीन महीने का 6,850 रुपये बकाया था। 10 दिन पहले बिजली काट दी गई। बिल जमा करने के बाद भी आपूर्ति शुरू कराने के लिए भटक रहे हैं। बेरहमपुर के रिंकू मौर्या ने कहा कि उनके घर की बिजली आपूर्ति सुबह आठ बजे काट दी गई। 1020 रुपये जमा करने के बाद भी अब तक आपूर्ति फिर से शुरू नहीं हो पाई है।

अधिशासी अभियंता अंकित गंगवार ने बताया कि बिल बकाया होने पर लखनऊ से ही बिजली आपूर्ति बाधित कर दी जाती है। उपभोक्ताओं से अपील है कि वह बिल माइनस में न होने दें। समय पर बिल जमा करने पर बिजली आपूर्ति बाधित होने की समस्या नहीं आएगी।

ILMA NEWSINDIA
Author: ILMA NEWSINDIA

सबसे ज्यादा पड़ गई