तेहरान में बमबारी, ईरान पर ट्रंप बोले- युद्ध खत्म होने के करीब; दुनिया में बढ़ी तेल और गैस की किल्लत

पश्चिम एशिया में अमेरिका-इस्राइल और ईरान के बीच जारी युद्ध के बीच हालात लगातार तनावपूर्ण बने हुए हैं। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया है कि अमेरिका और इस्राइल इस युद्ध में निर्णायक बढ़त बना चुके हैं और संघर्ष जल्द खत्म हो सकता है। उन्होंने यह भी दोहराया कि अमेरिका किसी भी कीमत पर ईरान को परमाणु हथियार नहीं बनाने देगा। इसी बीच ट्रंप और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के बीच फोन पर बातचीत हुई, जिसमें ईरान युद्ध को कूटनीतिक तरीके से खत्म करने के विकल्पों पर चर्चा की गई। वहीं एक अमेरिकी खुफिया रिपोर्ट ने सवाल खड़े किए हैं कि सैन्य हस्तक्षेप से ईरान में सत्ता परिवर्तन संभव नहीं था, फिर भी हमले का फैसला क्यों लिया गया। इस युद्ध का असर वैश्विक अर्थव्यवस्था पर भी साफ दिखाई दे रहा है। कच्चे तेल की कीमतों में तेज उछाल, शेयर बाजार में गिरावट और रुपये की कमजोरी के कारण भारत समेत कई देशों की अर्थव्यवस्था पर दबाव बढ़ गया है।