
हिसार। सर्वेश अस्पताल के संचालक न्यूरो सर्जन डॉ. उमेश कालड़ा के आवास और अस्पतालों पर आयकर विभाग का सर्वे 36 घंटे बाद भी जारी है। वीरवार को आयकर विभाग की टीम डॉ. कालड़ा को साथ लेकर सेक्टर-14 स्थित सर्वेश अस्पताल पहुंची, जहां दो लॉकर खोलकर दस्तावेज का सत्यापन किया गया। बुधवार रात करीब 10 बजे तक दस्तावेज की जांच के बाद टीम वहीं रुकी रही और वीरवार सुबह छह बजे फिर से जांच शुरू की।
वहीं, आयकर विभाग ने इस मामले में दो अतिरिक्त टीमों को भी बुलाया। इन टीमों ने पीएलए में दो अन्य चिकित्सकों, डॉ. भूपेंद्र और एक अन्य चिकित्सक के आवास पर भी सर्वे शुरू किया। टीम लगातार डॉ. उमेश कालड़ा और उनकी पत्नी डॉ. सरिता कालड़ा से पूछताछ कर रही है। बैंक खातों, संपत्ति की खरीद-फरोख्त, सर्वेश अस्पताल के निर्माण और सर्वोदय अस्पताल की बिक्री से जुड़े दस्तावेज की जांच की जा रही है। परिवार के सदस्य और रिश्तेदारों की जानकारी भी जुटाई जा रही है। साथ ही बच्चों के बैंक खातों का भी ब्योरा लिया गया है। इस दौरान परिवार को घर के भीतर ही रखा गया है और उनके मोबाइल व लैपटॉप को कब्जे में लेकर दस्तावेजों की प्रतियां और वीडियो तैयार किए जा रहे हैं।
डॉ. कालड़ा के कार चालक मोहन ने बताया कि आयकर अधिकारी रातभर कोठी में ही रहे और घर के भीतर छह पुलिसकर्मी तैनात थे। उन्होंने बताया कि सभी रिकॉर्ड की फोटोकॉपी की जा रही है और वीडियो बन रहे हैं। सर्वे बुधवार सुबह छह बजे शुरू हुआ था, जब डॉ. कालड़ा के आवास, सर्वेश अस्पताल, पुराने सर्वोदय अस्पताल और उनके पार्टनर की पीएलए स्थित कोठी पर एक साथ जांच शुरू की गई।