Abohar Crime: दोस्त ही निकला लुटेरा, मजदूरी के पैसे लेकर लौट रहे युवक पर हमला, नगदी-गहने और मोबाइल लूटकर फरार

Picture of Farheen

Farheen

SHARE:

पंजाब के अबोहर में युवक पर उसके दोस्त ने हमला कर लूट की वारदात को अंजाम दिया। आरोपी ने युवक से कैश, मोबाइल और गहने भी लूट लिए। आरोपी फरार है और पुलिस उसकी तलाश कर रही है।

Attacked and robbed friend of cash in Abohar crime news

अबोहर के गांव किल्लियांवाली निवासी एक युवक को उसके ही दोस्त ने लूट की नीयत से सुनसान जगह पर ले जाकर बुरी तरह पीट दिया। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि आरोपी उसके पास मौजूद नगदी, मोबाइल फोन और गहने लूटकर फरार हो गया। घायल को प्राथमिक उपचार के बाद रेफर किया गया है। मामले की जांच खुईयां सरवर पुलिस कर रही है।

घायल के पिता भूपराम ने बताया कि उनका बेटा विनोद कुमार (35) गांव आलमगढ़ स्थित एक किन्नू फैक्टरी में मजदूरी करता है। बीती रात वह अपने साथी कमल के साथ 3500 रुपये की मजदूरी लेकर पैदल घर के लिए रवाना हुआ था, लेकिन देर रात तक घर नहीं पहुंचा। परिजनों ने जब फोन किया तो मोबाइल बंद मिला। फैक्टरी में पूछताछ करने पर पता चला कि विनोद अपने साथी कमल के साथ ही निकला था।

इसके बाद परिजन उसकी तलाश में जुट गए। देर रात करीब 3 बजे सैंदांवाली कच्चे रास्ते पर उन्होंने देखा कि कमल, विनोद को बेल्ट और डंडों से पीट रहा था। परिजनों को देखकर आरोपी मौके से फरार हो गया। घायल विनोद बेसुध हालत में पड़ा था और उसके पास मौजूद नगदी, गले में पहनी चांदी की चेन (सोने का लॉकेट था) गायब मिली।

परिजन उसे तुरंत घर ले गए और गांव के ब्लॉक समिति सदस्य के पति तथा मार्केट कमेटी अबोहर के चेयरमैन उपकार जाखड़ की मदद से सुबह सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे रेफर कर दिया।

सूचना मिलने पर थाना प्रभारी रविंद्र सिंह मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि घायल फिलहाल बयान देने की स्थिति में नहीं है, इसलिए उसके पिता के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। आरोपी की पहचान कर ली गई है और उसे पकड़ने के लिए पुलिस टीमें गठित कर दी गई हैं। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

अबोहर में नशा तस्कर गिरफ्तार, 7 ग्राम हेरोइन व 55 हजार की ड्रग मनी बरामद
थाना सिटी वन पुलिस ने सीड फार्म पक्का निवासी एक युवक को 7 ग्राम हेरोइन और 55 हजार रुपये की ड्रग मनी सहित काबू किया है। थाना प्रभारी रविन्द्र सिंह भीट्टी ने बताया कि हेड कांस्टेबल जगजीत सिंह पुलिस टीम के साथ कल देर रात फाजिल्का चुंगी के समीप मौजूद थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि पक्का सीड फार्म निवासी जीत सिंह अपने घर के आसपास की गलियों में युवकों को हेरोइन बेचने का काम करता है।

सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गांव में दबिश दी और आरोपी जीत सिंह को काबू कर लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 7 ग्राम हेरोइन और 55 हजार रुपये की नकद राशि बरामद हुई, जिसे ड्रग मनी बताया जा रहा है। आरोपी पर पहले भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि वह युवाओं को थोड़ी-थोड़ी मात्रा में नशा सप्लाई करता था। हेरोइन की सप्लाई कहां से आती थी और किन-किन लोगों तक पहुंचाई जाती थी, इसका पता लगाने के लिए आरोपी के मोबाइल फोन की कॉल डिटेल खंगाली जाएगी।

 

Farheen
Author: Farheen