स्पोर्ट्स : राष्ट्रीय मास्टर्स एथलेटिक्स में हरियाणा ओवरऑल चैंपियन

Picture of PRIYA NEWSINDIA

PRIYA NEWSINDIA

SHARE:

Sports: Haryana overall champion in National Masters Athletics

कुरुक्षेत्र। राजस्थान के अजमेर स्थित पटेल स्टेडियम में 30 जनवरी से 2 फरवरी तक आयोजित राष्ट्रीय मास्टर्स एथलेटिक्स चैंपियनशिप में हरियाणा के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ओवरऑल चैंपियनशिप ट्रॉफी पर कब्जा जमाया। प्रतियोगिता में कुरुक्षेत्र के खिलाड़ियों ने भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जिले का नाम देशभर में रोशन किया।

चैंपियनशिप में देशभर के 22 राज्यों से मास्टर्स महिला और पुरुष वर्ग के लगभग दो हजार खिलाड़ियों ने भाग लिया। प्रतियोगिता में 30 वर्ष से लेकर 100 वर्ष आयु वर्ग तक के खिलाड़ियों ने अपने जज्बे और फिटनेस का प्रदर्शन किया। हरियाणा के 230 खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता में हिस्सा लिया और 93 स्वर्ण पदक जीतकर पहला स्थान हासिल किया।

प्रतियोगिता में कुरुक्षेत्र जिले के 11 खिलाड़ियों ने हरियाणा का प्रतिनिधित्व किया। अभिमन्युपुर निवासी उप निरीक्षक रामगोपाल पाराशर ने गोला फेंक प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त कर स्वर्ण पदक जीता। वहीं अमित कुमार ने दौड़ प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक और बाधा दौड़ में कांस्य पदक हासिल कर कुरुक्षेत्र का गौरव बढ़ाया।

खिलाड़ियों ने अपनी सफलता का श्रेय एथलेटिक कोच गुरमीत सिंह को दिया और बताया कि उनकी कड़ी मेहनत और तकनीकी मार्गदर्शन से यह उपलब्धि संभव हो सकी। कोच गुरमीत सिंह ने बताया कि पदक विजेता खिलाड़ियों को वर्ष 2027 में होने वाली वर्ल्ड मास्टर चैंपियनशिप में भाग लेने का अवसर मिलेगा जिससे खिलाड़ियों में उत्साह और जोश दोगुना हो गया है।

रामगोपाल पाराशर ने कहा कि खेल प्रतियोगिताएं आत्मविश्वास बढ़ाने के साथ-साथ स्वस्थ जीवन की प्रेरणा देती हैं। इस प्रतियोगिता में कुरुक्षेत्र से भाग लेने वाले खिलाड़ियों में रामगोपाल पाराशर, पंडित रामराज कौशिक, अमित कुमार, बबीता, संदीप कश्यप, दिनेश शर्मा अमीन, ओमप्रकाश, सतपाल, अशोक कुमार और महावीर सिंह शामिल रहे जिन्होंने जिले का नाम पूरे देश में रोशन किया।

PRIYA NEWSINDIA
Author: PRIYA NEWSINDIA

सबसे ज्यादा पड़ गई