मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार को दिवंगत विधायक प्रोफेसर श्याम बिहारी लाल को श्रद्धांजलि देने बरेली पहुंचे। उन्होंने शहर के शक्तिनगर स्थित आवास पर विधायक को श्रद्धांजलि दी। उनके परिजनों को ढाढ़स बंधाया।

विस्तार
बरेली में दिवंगत विधायक प्रोफेसर डॉ श्याम बिहारी लाल के निधन के बाद दूसरे दिन शनिवार सुबह 11: 43 बजे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शहर के शक्ति नगर कॉलोनी स्थित उनके आवास पर पहुंचे। मुख्यमंत्री ने दिवंगत विधायक को श्रद्धांजलि दी। उनके परिजनों को ढाढ़स बंधाया। बता दें कि फरीदपुर से भाजपा विधायक प्रोफेसर श्याम बिहारी लाल शुक्रवार को सर्किट हाउस में हुई पशुधन मंत्री धर्मपाल सिंह की मीटिंग में हिस्सा लेने गए थे।

बैठक के बाद भोजन के दौरान उनकी अचानक तबीयत खराब हुई थी, फिर करीब घंटेभर बाद ही वह दुनिया को छोड़ गए थे। डॉक्टर ने विधायक की मौत की वजह हृदयाघात बताई है। उनके अचानक निधन से हर वर्ग में शौक है। शनिवार को उनके पार्थिव शरीर के अंतिम दर्शन के लिए मुख्यमंत्री भी पहुंचे। मुख्यमंत्री ने दिवंगत विधायक की तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। उनकी पत्नी व बच्चों से मिलकर शोक संवेदनाएं व्यक्त की।

विधायक के परिजनों से मिले सीएम योगी
वन राज्यमंत्री डॉ अरुण कुमार सक्सेना ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आए। उन्होंने दिवंगत विधायक को श्रद्धांजलि दी। उनके पूरे परिवार से मिले। मुख्यमंत्री ने विधायक की पत्नी, बेटियों और बेटे से जानकारी ली। सीएम योगी ने विधायक के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया। शोक संतप्त परिजनों को सांत्वना दी। करीब 15 मिनट यहां रुकने के बाद मुख्यमंत्री रवाना हो गए।

फरीदपुर में किया जाएगा अंतिम संस्कार
दिवंगत विधायक के अंतिम दर्शन करने हजारों लोग पहुंचे। शक्ति नगर स्थित आवास से दोपहर करीब 12 बजे उनकी अंतिम यात्रा निकाली गई। फरीदपुर के स्टेशन रोड स्थित श्मशान भूमि पर उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। सुरक्षा व्यवस्था के लिए जनपद के तमाम सर्किलों के पुलिस क्षेत्राधिकारी सहित पुलिस फोर्स व पीएसी फरीदपुर में विधायक के कार्यालय से लेकर शमशान भूमि तक तैनात है।