लुधियाना जिले में सक्रिय महिला लुटेरा गिरोह पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 13 महिलाओं को गिरफ्तार किया है। रायकोट पुलिस की इस सफलता को जिले की हालिया सबसे बड़ी कार्रवाई माना जा रहा है, क्योंकि गिरफ्तार की गई महिलाएँ सामान्य महिलाएँ नहीं, बल्कि संगठित और बेहद शातिर आपराधिक गिरोह की सदस्य हैं, जिन्हें कई थानों की पुलिस लंबे समय से तलाश रही थी।
डीएसपी रायकोट हरजिंदर सिंह और थाना सदर रायकोट प्रभारी कुलविंदर सिंह ने बताया कि चौकी लोहटबद्दी के इंचार्ज गुरसेवक सिंह को सूचना मिली थी कि महिलाओं का यह गिरोह किसी बड़ी वारदात की तैयारी में है। सूचना के आधार पर पुलिस ने विशेष टीम गठित की और इलाके में घेराबंदी करते हुए सभी 13 महिलाओं को गिरफ्तार कर लिया।
🔴 वारदात का तरीका
पुलिस जांच में पता चला है कि गिरोह बेहद संगठित ढंग से चोरी और लूट की घटनाओं को अंजाम देता था।
-
ये महिलाएं पहले किसी दुकान या घर के पास झुंड बनाकर ऐसे बैठती थीं कि देखने वाले को इन पर शक न हो।
-
उसी दौरान गिरोह की पीछे बैठी महिलाएं शटर, दरवाजे या खिड़कियां तोड़कर भीतर घुस जाती थीं।
-
अंदर दाखिल होते ही कुछ ही मिनटों में चोरी कर फरार हो जाती थीं।
-
गिरोह सुनसान इलाकों, बंद पड़े घरों और दुकानों को ही मुख्य रूप से निशाना बनाता था।
🔴 13 मामलों में पहले से वांछित
पुलिस के अनुसार, इस महिला गिरोह के खिलाफ पंजाब के कई थानों में 13 आपराधिक मुकदमे पहले से दर्ज हैं। लंबे समय से पुलिस को इनकी गतिविधियों की जानकारी थी, लेकिन गिरोह लगातार ठिकाने और इलाके बदलता रहता था। रायकोट पुलिस की घेराबंदी के बाद पहली बार पूरा गिरोह एक साथ हाथ लगा है।
🔴 गिरफ्तार महिलाओं की पहचान
पकड़ी गई महिलाओं के नाम इस प्रकार हैं—
जीना पत्नी करण, काजल पत्नी पाली, सीमा पत्नी रामू, पिंकी पत्नी रवि, सीमा पत्नी सन्नी, रीना पत्नी करनैल सिंह, रोमा पत्नी अजय, ऊषा पत्नी सोका, रूमा पत्नी हैप्पी (सभी निवासी पट्टी रोड बरनाला),
रोमन उर्फ रमन पत्नी विक्की (निवासी मिर्च मंडी, राजपुरा), पूजा पत्नी बंटी (निवासी बरनाला),
बंती कौर पत्नी भोपा सिंह (निवासी वार्ड नंबर-3 बरनाला),
अंगूरी पत्नी दर्शन सिंह (निवासी गली नंबर-5 पट्टी रोड बरनाला, हाल निवासी दाना मंडी, शिमला पुरी, लुधियाना)।
🔴 आगे की जांच जारी
पुलिस अब गिरोह के नेटवर्क, उनके अतिरिक्त साथियों और चोरी किए गए माल के ठिकाने का पता लगाने में जुटी है। अधिकारियों का कहना है कि गिरोह के बारे में कई अहम जानकारियाँ मिली हैं, जिनके आधार पर आगे और गिरफ्तारियाँ संभव हैं।