चंडीगढ़ के सेक्टर-35 स्थित कुखरैंन भवन में एक विवाह समारोह उस समय अफरा-तफरी में बदल गया जब दुल्हन की मां का कीमती जेवर और नकदी से भरा बैग चोरी हो गया। सूट-बूट पहनकर आए चोरों ने शादी के माहौल का फायदा उठाते हुए महज कुछ मिनटों में बड़ी वारदात को अंजाम दे दिया।
घटना शुक्रवार रात करीब 9:35 बजे की है। सीसीटीवी फुटेज में दो से तीन युवक पीछे के रास्ते से आते हुए दिखाई देते हैं। आरोपी पहले खिड़की का शीशा तोड़ते हैं, फिर सीधे कमरा नंबर-3 में घुसकर अलमारी से बैग उठाते हुए कैमरे में कैद हुए हैं। बैग में लगभग 5.50 लाख रुपये नकद और लगभग 4.50 लाख रुपये के सोने के गहने रखे हुए थे। चोर बैग भरकर मुख्य गेट से फरार हो जाते हैं।
दुल्हन की मां ने बताया कि बरात उत्तराखंड के हल्द्वानी से आई थी। वह रात 9:25 बजे पंडित को देने के लिए सोने की अंगूठी लेने कमरे से बाहर निकली थीं और अलमारी को लॉक कर दिया था। लेकिन जब वह 9:45 बजे लौटीं तो अलमारी खुली थी और बैग में रखे दोनों पर्स खाली पड़े थे। एक पर्स में एक लाख रुपये और दूसरे में साढ़े चार लाख रुपये थे। इसी बैग में साढ़े चार तोला सोना भी रखा हुआ था, जो चोरी हो गया।
परिवार ने तुरंत पुलिस को जानकारी दी। थाना पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीम मौके पर पहुंची और सीसीटीवी फुटेज की जांच शुरू की। फुटेज में साफ दिखता है कि आरोपी एक प्लानिंग के तहत भवन में दाखिल होकर वारदात को अंजाम देते हैं।