लक्सर क्षेत्र में दो ग्रामीणों से साझेदारी और निवेश के नाम पर लाखों रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। पीड़ितों का आरोप है कि आरोपी महिला और उसके बेटों ने उन्हें कंपनी में हिस्सेदारी देने का लालच देकर कुल 57 लाख रुपये हड़प लिए। पीड़ितों की तहरीर के बाद पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।-1763967411841.webp)
जानकारी के अनुसार, हिरणाखेड़ी और गदरजुड्डा गांव के रहने वाले दो ग्रामीणों का परिचय कुछ समय पहले मुंडाखेड़ा कलां निवासी मछला देवी से हुआ था। महिला ने खुद को मुंबई स्थित एक कंपनी से जुड़ा बताया और दावा किया कि कंपनी क्षेत्र में बड़े प्रोजेक्ट के लिए जमीन खरीद रही है। आरोप है कि महिला ने पीड़ितों को प्रोजेक्ट में शामिल करने और मालिक बनाने का झांसा दिया तथा कथित कंपनी अधिकारियों से मुलाकात भी कराई।
ग्रामीणों ने बताया कि भरोसा जता कर महिला ने उनसे क्रमशः 17 लाख और 40 लाख रुपये निवेश के नाम पर ले लिए। लेकिन काफी समय बीतने के बाद भी न कोई प्रोजेक्ट शुरू हुआ और न ही रकम वापस की गई। जब पीड़ितों ने पैसे लौटाने की मांग की तो महिला और उसके बेटों टीटू तथा शुभम उर्फ नन्नू ने उन्हें धमकाने की कोशिश की।
ठगी का एहसास होने पर दोनों ग्रामीणों ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। कोतवाली प्रभारी राजीव रौथाण के अनुसार, तहरीर के आधार पर तीनों नामजद आरोपियों के खिलाफ अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज की गई है। मामले की गहराई से जांच जारी है।