हरिद्वार के ज्वालापुर क्षेत्र में एक महिला ने अपने ही बेटे पर गंभीर धोखाधड़ी का आरोप लगाया है। मामला उनकी संपत्ति पर जालसाजी कर बैंक लोन लेने से जुड़ा है। कोर्ट के हस्तक्षेप के बाद अब पुलिस ने बेटे समेत लोन एजेंट और हाउसिंग फाइनेंस कंपनी के कर्मचारियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सुभाष नगर निवासी सुमन जैन द्वारा कोर्ट में दायर प्रार्थना पत्र के अनुसार, उनके नाम पर गली बी-5 में लगभग 832 वर्गफुट का मकान दर्ज है। आरोप है कि उनके बेटे नीरज जैन ने लोन एजेंट साकार गर्ग और आदित्य बिरला हाउसिंग फाइनेंस के कुछ कर्मचारियों के साथ मिलकर इस संपत्ति के दस्तावेज़ों का दुरुपयोग किया और बिना उनकी जानकारी के उस पर ऋण मंजूर करा लिया।
महिला का कहना है कि लोन प्रक्रिया में उनके हस्ताक्षर तक नहीं किए गए, फिर भी कागज़ों को वैध दिखाते हुए पूरा लोन स्वीकृत कर लिया गया। उन्होंने अगस्त में ज्वालापुर कोतवाली और पुलिस कार्यालय में शिकायत भी दी थी, लेकिन कार्रवाई न होते देख कोर्ट का सहारा लिया।
कोतवाली प्रभारी कुंदन सिंह राणा ने पुष्टि करते हुए बताया कि कोर्ट के निर्देश के बाद नीरज जैन, लोन एजेंट और फाइनेंस कंपनी कर्मियों के खिलाफ धोखाधड़ी समेत संबंधित धाराओं में FIR दर्ज कर दी गई है। पुलिस अब दस्तावेजों की जांच कर पूरे मामले की तहकीकात कर रही है।