लुधियाना में बुधवार शाम एक हैरान करने वाली घटना सामने आई, जहां पुलिस की गिरफ्त में मौजूद आरोपी कोर्ट परिसर से फरार हो गया। आरोपी के हाथ में हथकड़ी लगी होने के बावजूद वह पुलिस मुलाजिमों को चकमा देकर मौके से निकलने में सफल रहा।
दाखा थाना पुलिस ने झपटमारी के मामले में आरोपी हरविंदर सिंह उर्फ भल्ला को गिरफ्तार किया था और उसे कोर्ट में पेश करने के लिए लाया गया था। जानकारी के मुताबिक, जैसे ही पुलिस कर्मचारी आरोपी को अदालत परिसर की पार्किंग की ओर ले जा रहे थे, तभी उसने चालाकी से हथकड़ी से हाथ छुड़ा लिया और अचानक सिपाही को धक्का देकर भाग निकला।
भागने के बाद आरोपी भीड़ और पार्किंग में खड़ी गाड़ियों के बीच से तेजी से निकल गया, जिससे पुलिसकर्मी उसका पीछा करने के बावजूद उसे पकड़ नहीं पाए। घटना के बाद पुलिस कर्मचारियों में हड़कंप मच गया और उन्होंने तुरंत उच्च अधिकारियों को इसकी सूचना दी।
सूचना मिलते ही थाना डिवीजन-5 की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और क्षेत्र में छानबीन शुरू की। एएसआई कुलदीप सिंह की शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी हरविंदर सिंह उर्फ भल्ला के खिलाफ नया मामला दर्ज कर उसकी तलाश तेज कर दी है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी को अदालत में पेश करने की जिम्मेदारी एएसआई कुलदीप सिंह और सिपाही गुरपिंदर सिंह को सौंपी गई थी। वहीं पुलिस का कहना है कि आरोपी भीड़भाड़ और वाहनों का फायदा उठाकर फरार हुआ। पुलिस उसकी धरपकड़ के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।