चांदामेटा-उमरिया लाइन क्षेत्र में रविवार शाम उस समय हड़कंप मच गया जब एक 62 वर्षीय बुज़ुर्ग ने कटर लेकर दो सगी बहनों पर अचानक जानलेवा हमला कर दिया। घटना में दोनों महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं और उन्हें पड़ोसियों की मदद से तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया।
पीछे से घात लगाकर किया हमला
जानकारी के अनुसार, पूजा अहिरवार अपनी बहन पिंकी कवरेती के घर पहुंची थीं। दोनों कामकाज निपटाकर जैसे ही आराम कर रही थीं, तभी आरोपी अरुण यादव (62) दबे पांव पीछे से अंदर घुसा और बिना किसी बहस के कटर से ताबड़तोड़ वार करने लगा।
हमले में पूजा के गाल व गर्दन पर गहरे घाव आए, जबकि पिंकी के गले और पेट पर गंभीर कट लगे।
चीख सुनकर आसपास के लोग मौके पर दौड़े और दोनों बहनों को तुरंत परासिया अस्पताल में भर्ती कराया।
लिव-इन रिश्ता बना हमले की वजह
पूजा अहिरवार के अनुसार, उनकी बहन पिंकी करीब डेढ़ साल से आरोपी अरुण यादव के साथ लिव-इन रिलेशन में रहती थी। कुछ समय पहले पिंकी ने यह रिश्ता खत्म कर दिया था। इसी बात से नाराज़ अरुण कई दिनों से मानसिक रूप से तनाव में था और इसी गुस्से में उसने हमला किया।
आरोपी बेहोशी की हालत में पुलिस हिरासत में
सोमवार दोपहर पुलिस आरोपी को बेहोशी की हालत में परासिया अस्पताल लेकर पहुंची। पुलिस के अनुसार, आरोपी के होश में आने के बाद ही गिरफ्तारी प्रक्रिया पूरी की जाएगी और बयान भी दर्ज किए जाएंगे।
पुलिस ने केस दर्ज किया, हथियार बरामद
चांदामेटा पुलिस ने दोनों घायलों के बयान दर्ज कर आरोपी पर हत्या के प्रयास सहित संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
हमले में इस्तेमाल किया गया कटर बरामद कर लिया गया है। पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में मामला लिव-इन विवाद के चलते की गई हिंसा का प्रतीत होता है।