सार
Mrunal-Adivi Sesh On Anurag Kashyap Birthday: फिल्म ‘डकैत’ की लीड कास्ट मृणाल ठाकुर और आदिवी शेष ने अनुराग कश्यप को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए फिल्म के सेट से उनका एक बीटीएस वीडियो साझा किया है।
विस्तार
दिग्गज निर्माता-निर्देशक और एक्टर अनुराग कश्यप आज अपना 53वां जन्मदिन मना रहे हैं। इस मौके पर तमाम सेलेब्स उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं दे रहे हैं। अब अनुराग कश्यप को उनकी आगामी फिल्म ‘डकैत’ की को-स्टार मृणाल ठाकुर ने भी एक खास अंदाज में जन्मदिन की बधाई दी है। मृणाल ने डकैत की टीम की ओर से अनुराग कश्यप का फिल्म के सेट से एक वीडियो शेयर कर बधाई दी है। इसके अलावा फिल्म के लीड एक्टर आदिवी शेष ने भी अनुराग को इसी अंदाज में जन्मदिन की बधाई दी है।
मृणाल ने ‘डकैत’ के सेट से अनुराग का वीडियो शेयर कर दी शुभकामनाएं
मृणाल ठाकुर ने अनुराग कश्यप का ‘डकैत’ के सेट से एक बिहाइंड द सीन वीडियो शेयर किया है। इस वीडियो की शुरूआत में अनुराग कश्यप फिल्म के अपने गेटअप में सेट पर हैं और पीछे अक्षय कुमार-रवीना टंडन का हिट सॉन्ग ‘तू चीज बड़ी है मस्त-मस्त’ बज रहा है। साथ ही अनुराग कश्यप भी इस गाने को गुनगुना रहे हैं। बाद में इस वीडियो में फिल्म की शूटिंग के और भी हिस्से दिखाए गए हैं। जिनमें अनुराग कश्यप फिल्म की बाकी कास्ट आदिवी शेष, मृणाल ठाकुर और प्रकाश राज के साथ नजर आ रहे हैं। इस वीडियो को शेयर करते हुए मृणाल ने लिखा है, ‘टीम डकैत की ओर से इंस्पेक्टर स्वामी उर्फ बहुमुखी प्रतिभा के धनी अनुराग कश्यप सर को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं। वो कैरेक्टर में वह स्वभाव, आभा और कद लाते हैं जो केवल वह ही कर सकते हैं।’
मृणाल के अलावा ‘डकैत’ के मुख्य अभिनेता आदिवी शेष ने अनुराग को जन्मदिन की शुभकामनाएं देने के लिए भी इसी वीडियो को एक्स पर शेयर किया है। इसके साथ आदिवी शेष ने लिखा, ‘जन्मदिन की ढेर सारी शुभकामनाएं सर। आपकी बुद्धिमत्ता, आपकी प्रतिभा और सबसे महत्वपूर्ण, आपकी करुणा ने ‘डकैत’ के इस अनुभव को खूबसूरत बना दिया है। जन्मदिन मुबारक हो ‘स्वामी’।’




