Siddharthnagar News: दौड़ते घोड़े की रस्सी में फंसकर तीन सौ मीटर तक घिसटता रहा किशोर

Picture of NANDINI NEWSINDIA

NANDINI NEWSINDIA

SHARE:

In Siddharthnagar, an unbridled horse dragged an innocent child for 300  meters | सिद्धार्थनगर में बेलगाम घोड़े ने मासूम को 300 मीटर घसीटा: हालत  गंभीर, आक्रोशित लोगों ने की ...

शोहरतगढ़ कस्बे में हुआ दिल दहलाने वाला हादसा, घायल किशोर गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज में भर्ती- घोड़ा मालिक पर पुलिस ने दर्ज किया केस

शोहरतगढ़ (सिद्धार्थनगर)। कस्बे में शुक्रवार की दोपहर में करीब एक बजे एक दिल दहलाने वाला हादसा हुआ। सड़क पर दौड़ रहे घोड़े से बंधी रस्सी नीबी दोहनी गांव निवासी हर्षित (14) के पैर में फंस गई और वह घिसटने लगा। दुकानदार बचाने के लिए दौड़ पड़े। करीब तीन सौ मीटर आगे जाकर घोड़े को पकड़कर हर्षित को छुड़ाया गया, तब तक वह लहूलुहान हो चुका था। उसे मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने घोड़ा मालिक गरीबुल्लाह के खिलाफ केस दर्ज किया है।

शोहरतगढ़ थानाध्यक्ष बिंदेश्वरी मणि त्रिपाठी ने बताया कि नगर पंचायत के नीबी दोहनी निवासी लक्ष्मीकांत कसौधन कस्बे के 51 तिराहा पर मेडिकल स्टोर चलाते हैं। शुक्रवार की दोपहर लक्ष्मीकांत का बेटा हर्षित पिता के लिए भोजन लेकर पैदल ही जा रहा था। इसी दौरान दो घोड़े दौड़ते हुए पुलिस पिकेट की ओर जा रहे थे। घोड़े से बंधी रस्सी सड़क पर घिसटी रही थी। रास्ते से गुजर रहे हर्षित का पैर एक घोड़े की रस्सी में फंस गया और वह दौड़ते घोड़े के पीछे घिसटने लगा। यह देख लोग किशोर को बचाने के लिए घोड़े के पीछे दौड़ने लगे, करीब 300 मीटर दूर जाकर उसे छुड़ाया जा सका।

मौके पर पहुंचे लक्ष्मीकांत बेटे को गंभीर रूप से घायल देख दहाड़ मार रोने लगे। किशोर को स्थानीय सीएचसी ले जाया गया जहां चिकित्सकों ने हालत गंभीर देख मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर कर दिया। थानाध्यक्ष बिंदेश्वरी मणि त्रिपाठी ने बताया कि लक्ष्मीकांत की तहरीर पर घोड़ा मालिक नीबी दोहनी निवासी गरीबुल्लाह के विरुद्ध केस दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।

किशोर के साथ हुए हादसे का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। यह वीडियो रौंगटे खड़े कर देने वाला है। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि किशोर को घिसटता देख घोड़े के पीछे दौड़े लेकिन उसे रोकने में समय लग गया तब तक किशोर गंभीर रूप से घायल हो चुका था। कस्बे में घोड़े को इस तरह खुला छोड़ने पर दुकानदारों ने आक्रोश जताया।

सबसे ज्यादा पड़ गई