मध्य प्रदेश के सतना जिले में गुरुवार देर शाम आपसी विवाद के चलते एक दर्दनाक वारदात सामने आई। कोलगवा थाना क्षेत्र के बढईया टोला में 17 वर्षीय उत्तम शुक्ला की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत फैल गई।

पुलिस के मुताबिक, मृतक उत्तम शुक्ला और उसके कुछ दोस्तों के बीच पुराने विवाद को लेकर कहासुनी हुई थी। देखते ही देखते बहस इतनी बढ़ गई कि एक आरोपी ने अवैध हथियार से फायर कर दिया। गोली सीधे उत्तम के सीने में जा लगी। गंभीर हालत में उसे पहले बिड़ला अस्पताल सतना और फिर रीवा मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, लेकिन वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। शव का पोस्टमार्टम रीवा में होगा।
तीन आरोपी दबोचे गए, दो की तलाश जारी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। कार्रवाई करते हुए तीन संदिग्धों को हिरासत में लिया गया है, जबकि दो अन्य आरोपी अभी फरार हैं। उनकी तलाश में पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। मौके से एक अवैध हथियार और कई जिंदा कारतूस बरामद हुए हैं। फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल से अहम सबूत इकट्ठे किए हैं।
उधर, मृतक के परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव के लोगों ने इस जघन्य वारदात पर गुस्सा जताते हुए आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
