नैनीताल। एसएसपी प्रह्लाद नारायण मीणा ने लापरवाही बरतने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है।
-
धारी चौकी इंचार्ज हरजीत सिंह राणा और मुखानी थाने के एडिशनल एसआई सत्यपाल सिंह को निलंबित कर दिया गया है।
-
वहीं, रामनगर कोतवाली के एसएसआई युनूस और छोई-क्यारी चौकी प्रभारी तारा सिंह राणा को लाइन हाजिर किया गया है।

बैठक में मिली चेतावनी
बुधवार को पुलिस बहुउद्देशीय भवन में एसएसपी ने विवेचकों की बैठक बुलाई। इसमें लंबित विवेचनाओं को लेकर मातहतों को फटकार लगाई गई। उन्होंने साफ कहा कि जांच में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और जिम्मेदारी तय करते हुए कठोर कार्रवाई की जाएगी।
गुमशुदगी मामलों पर विशेष जोर
एसएसपी ने निर्देश दिया कि गुमशुदगी की विवेचनाओं को गंभीरता से लिया जाए। गुमशुदाओं से जुड़े सभी पोर्टलों पर डाटा अपलोड कर उसे विवेचना का हिस्सा बनाया जाए।
साथ ही कोर्ट से संबंधित लंबित मामलों व पत्राचार का शीघ्र निस्तारण कराने के आदेश दिए।
वरिष्ठ अधिकारियों को निगरानी के निर्देश
उन्होंने सीओ स्तर के अधिकारियों को विवेचनाओं का नियमित पर्यवेक्षण करने और लापरवाही पाए जाने पर रिपोर्ट भेजने के निर्देश दिए। बैठक में एसपी क्राइम डॉ. जगदीश चंद्र, सीओ दीपशिखा अग्रवाल, सीओ नितिन लोहनी और सुमित पांडे भी मौजूद रहे।