बांका जिले के अमरपुर थाना क्षेत्र के खुर्द कोल गांव में गुरुवार देर रात एक सनसनीखेज वारदात हुई। यहां एक वृद्ध ने अवैध संबंध के शक में अपनी पत्नी की गढ़ासा से काटकर निर्मम हत्या कर दी।

मृतका की पहचान गुड़िया देवी (55), पत्नी अनिल राम के रूप में हुई है। परिजनों के मुताबिक, आरोपी पति बीते दो महीनों से पत्नी पर अवैध संबंध का आरोप लगाकर झगड़ा करता था। इसी वजह से गुड़िया देवी अक्सर घर के अन्य सदस्यों के साथ अलग कमरे में सोती थीं।
घटना की रात वह जमीन पर बिस्तर डालकर सो रही थीं, तभी पति ने उन पर गढ़ासा से वार कर दिया। हमले के बाद घर में अफरातफरी मच गई। शोर सुनकर बहू की नींद खुली और जब लाइट जलाई गई तो पूरा घर खून से लथपथ नजर आया।
आनन-फानन में परिजनों ने गुड़िया देवी को एंबुलेंस से अमरपुर रेफरल अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस को घटना की सूचना मिलते ही दल-बल के साथ मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।