बिहार के दरभंगा जिले के सदर थाना क्षेत्र के रानीपुर गांव में एक हैरान कर देने वाली वारदात सामने आई है। यहां के रहने वाले प्रमोद पासवान ने अपनी तीसरी पत्नी विभा देवी की बेरहमी से हत्या कर दी। घटना 26 अगस्त, रक्षाबंधन के दिन की है।
जानकारी के अनुसार, प्रमोद ने रात में सो रही पत्नी के सिर पर लोहे की खंती से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल विभा को पहले डीएमसीएच दरभंगा और फिर पटना रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। हमला करने के बाद आरोपी खंती लेकर मौके से फरार हो गया।
घटना की खबर फैलते ही ग्रामीण बड़ी संख्या में प्रमोद के घर पहुंच गए और पुलिस को सूचना दी। सदर थाना प्रभारी मोती कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची, शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और मामले की जांच शुरू कर दी।

दहेज विवाद का आरोप
मृतका के पिता जीवछ पासवान ने प्रमोद पर दहेज के लिए हत्या का आरोप लगाते हुए एफआईआर दर्ज कराई है। उनका कहना है कि शादी के कुछ ही दिनों बाद से प्रमोद लगातार विभा को प्रताड़ित कर रहा था।
गौरतलब है कि यह प्रमोद की तीसरी शादी थी। उसकी पहली पत्नी उसके हिंसक स्वभाव से परेशान होकर उसे छोड़ चुकी थी, जबकि दूसरी पत्नी की उसने 2019 में गला रेतकर हत्या कर दी थी। जेल से जमानत पर छूटने के बाद उसने करीब एक साल पहले विभा से शादी की थी और अब उसी की जान ले ली।