भागलपुर (नवगछिया) – जिले के भवानीपुर थाना क्षेत्र के बीरबन्ना गांव में सोमवार की रात पति-पत्नी और देवर के बीच प्रेम प्रसंग को लेकर हाई-वोल्टेज ड्रामा देखने को मिला। मामला उस समय बिगड़ा जब दिल्ली में प्रेमी संग रह रही महिला रक्षाबंधन पर गांव लौटी और पति से आमना-सामना हो गया।
पति से नाराज होकर देवर से बनी रिश्तेदारी
करीब 17 साल पहले मोनी देवी (35) की शादी खगड़िया के रामशरण यादव (40) से हुई थी। चार बच्चों की मां मोनी का आरोप है कि उसका पति नशे का आदी है और आए दिन मारपीट करता था। पति के व्यवहार से तंग आकर वह अपने फुफेरे देवर संजय कुमार (30) के करीब आ गई। दोनों के बीच प्रेम संबंध पनपे और करीब तीन साल पहले मोनी बच्चों और पति को छोड़कर संजय के साथ दिल्ली जाकर रहने लगी।
रक्षाबंधन पर लौटे तो बढ़ा विवाद
बीते दिनों संजय अपने गांव लौटा और उसके कुछ दिन बाद मोनी देवी भी वहां पहुंच गईं। इसकी जानकारी पति रामशरण को मिली तो वह अपनी मां के साथ गांव आ धमका और जोरदार हंगामा करने लगा। इस दौरान बच्चे पिता के साथ रहने की जिद पर अड़े, जबकि मोनी ने साफ कहा कि वह अब सिर्फ संजय के साथ ही रहना चाहती है।
थाने में सुलझा मामला
ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी और डायल 112 की टीम मौके पर पहुंचकर सभी को थाने ले गई। देर रात तक बातचीत के बाद पुलिस ने समझौते की कोशिश की, मगर मोनी देवी ने थाने में भी साफ कर दिया कि वह पहले पति के साथ नहीं रहेगी।
बयानबाजी
मोनी देवी ने कहा – “मेरी शादी जबरन हुई थी। पति शराब पीते हैं और बच्चों को भी बिगाड़ते हैं। उनकी हरकतों से परेशान होकर ही मैंने संजय के साथ रहना चुना है।”
वहीं, रामशरण का कहना है कि पत्नी तीन साल पहले घर छोड़कर चली गई थी और अब गांव लौटी तो वह उसे वापस लाना चाहता था। दूसरी ओर संजय ने दावा किया कि दोनों ने मंदिर में शादी कर ली है और अब मोनी का फैसला अंतिम है।