जौनपुर जिले के सुजानगंज थाना क्षेत्र के सराय पंडरी गांव में शनिवार सुबह सनसनीखेज वारदात सामने आई। गांव के ही 27 वर्षीय मनोज कुमार यादव की खेत की पाही पर सोते समय बेरहमी से हत्या कर दी गई। आरोपियों ने उनका सिर कूचकर मौत के घाट उतार दिया।![]()
जानकारी के मुताबिक, मनोज शुक्रवार की रात रोजाना की तरह घर से करीब पांच सौ मीटर दूर स्थित पाही पर सोने गए थे। सुबह लगभग छह बजे उनका 14 वर्षीय भतीजा प्रदीप यादव पाही पर पहुंचा तो उसने छत पर पड़े मनोज को खून से लथपथ देखा। यह दृश्य देखकर वह घबराकर चीख पड़ा। उसकी आवाज सुनकर परिजन और ग्रामीण वहां जुट गए।
घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी, जिस पर सुजानगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि प्रारंभिक जांच से प्रतीत होता है कि युवक की हत्या सिर पर भारी वस्तु से वार कर की गई है। फिलहाल मौके से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और घटना से जुड़े पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है।
गांव में वारदात के बाद दहशत का माहौल है और लोग तरह-तरह की चर्चाएं कर रहे हैं। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि जल्द ही आरोपी की पहचान कर गिरफ्तारी की जाएगी।