Himachal Pradesh Weather Update : हिमाचल प्रदेश में शुक्रवार को छह जिलों ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, चंबा, कांगड़ा और सिरमौर के कई क्षेत्रों में बारिश का येलो अलर्ट जारी हुआ है। शनिवार से चार दिनों तक कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, शिमला और सिरमौर के कई क्षेत्रों में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट रहेगा।

हिमाचल प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में वीरवार को मौसम साफ रहा। शुक्रवार को छह जिलों ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, चंबा, कांगड़ा और सिरमौर के कई क्षेत्रों में बारिश का येलो अलर्ट जारी हुआ है। शनिवार से चार दिनों तक कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, शिमला और सिरमौर के कई क्षेत्रों में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट रहेगा। वीरवार शाम तक आनी-कुल्लू नेशनल हाईवे सहित प्रदेश में 347 सड़कें बंद रहीं। इसके अलावा 281 बिजली ट्रांसफार्मर व 145 जल आपूर्ति योजनाएं भी प्रभावित हैं। मंडी जिले में सबसे अधिक 164 व कुल्लू में 123 सड़कें बंद हैं।
बारिश से चंडीगढ़-मनाली नेशनल हाईवे मंडी-कुल्लू के बीच धंस रहा है। पंडोह डैम से आगे डयोड के पास खतरा बना हुआ है। यहां सड़क का करीब 15 से 20 फुट हिस्सा धंस गया है। इसके चलते वीरवार दोपहर 12:30 बजे से 3:30 बजे तक तीन घंटे के लिए यहां मरम्मत कार्य किया गया। इस दौरान वाहनों की आवाजाही बंद रखी गई। मंडी–कुल्लू राष्ट्रीय राजमार्ग पर मंडी से लेकर झीड़ी तक जगह-जगह वाहनों की लंबी कतारें लग रही हैं। 50 किलोमीटर की दूरी तय करने में यात्रियों को 10 से 12 घंटे से अधिक का समय लग रहा है। बड़े वाहनों में यह सफर 18 घंटे से अधिक हो रहा है। बरोट-घटासनी मुख्य सड़क पर बुधवार रात करीब 1:00 बजे रेस्तरां के साथ लगती पहाड़ी से भूस्खलन होने से मलबा, चट्टानें और पेड़ गिरने से रेस्तरां परिसर को क्षति हुई है। साथ लगती मुख्य सड़क भी बाधित हुई है। वीरवार को पौंग बांध से करीब 67 हजार क्यूसिक पानी छोड़ा गया।