
कुरुक्षेत्र। जिलेभर में मौसम में लगातार बदलाव हो रहा है। पिछले कई दिनों से कभी उमसभरी धूप लोगों को परेशान कर रही है तो कभी बादल छाए रहते हैं। अब तापमान में बढ़ोतरी होने से उमस भरी गर्मी लोगों के लिए परेशानी बन रही है। वहीं दो से तीन दिन पहले हुई बारिश से शहर के कई इलाकों में जलभराव हुआ जिससे राहगीरों सहित अन्य वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
वहीं बुधवार सुबह से धूप खिली रही जिससे दिनभर उमस व गर्मी का अहसास बना रहा। हालांकि दिन में कई बार हल्की बूंदाबांदी हुई लेकिन गर्मी पर असर नहीं दिखा। गर्मी के कारण ब्रह्मसरोवर सहित अन्य पर्यटन स्थालों पर पर्यटकों की संख्या में कमी रही और बाजारों में सन्नाटा दिखाई दिया। लोग गर्मी से बचाव के उपाय करते दिखे।
अधिकतम तापमान 31 डिग्री तथा न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सिसय तक दर्ज किया गया। वहीं वीरवार को अधिकतम तापमान 32 डिग्री तथा न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस तक रहने के साथ बादल व हल्की बूंदाबांदी होने की संभावना जताई जा रही है।
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार आने वाले दिनों में मौसम में परिवर्तन देखने को मिल सकता है जिससे बारिश होने के कारण तापमान में गिरावट होने से उमस भरी गर्मी से काफी हद तक राहत मिल सकती है। वहीं विशेषज्ञों के अनुसार बारिश से धान की फसल की अच्छी सिंचाई होने से धान की फसल को लाभ मिलेगा। इससे किसानों को राहत मिलने की उम्मीद है।