मोगा के धर्मकोट में पटवारी की लाश पंखे से लटकती मिली है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। मृतक की पहचान हर्ष निवासी फाजिल्का के तौर पर हुई है।

पंजाब के मोगा जिले के धर्मकोट में तैनात पटवारी की लाश पंखे से लटकती मिली है। मृतक की पहचान हर्ष निवासी फाजिल्का के तौर पर हुई है। हर्ष का शव रविवार देर रात उनके कमरे में पंखे से लटका हुआ था। आशंका जताई जा रही है कि हर्ष ने फंदा लगाकर अपनी जान दी है।
जानकारी के अनुसार मूल रूप से फाजिल्का के रहने वाले हर्ष ने साल 2019 से धर्मकोट में बतौर पटवारी ज्वाइन किया था। वह बीते छह साल से धर्मकोट में अपनी सेवाएं दे रहे थे। जानकारी मिली है कि हर्ष पिछले कुछ दिनों से मानसिक तनाव से गुजर रहे थे। इसलिए आशंका जताई जा रही है कि मानसिक परेशानी की वजह से उन्होंने यह खौफनाक कदम उठाया है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोगा सिविल अस्पताल भेज दिया गया। वहीं मृतक के परिजनों को भी इस बारे में जानकारी दी गई है। मृतक के परिजन धर्मकोट पहुंच गए हैं पुलिस उनसे भी जानकारी जुटाएगी। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मृतक के परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और उन्हीं के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का कहना है कि प्राथमिक तौर पर यह आत्महत्या का मामला लग रहा है।