दिल्ली एनसीआर में रात को तेज बारिस हुई। मौसम विभाग के मुताबिक दिन में आसमान में बादल छाए रहेंगे। हल्की से मध्यम बारिश गरज के साथ होगी।

करीब 8-10 दिन की कभी हां, कभी न के बीच रविवार को मानसून ने राजधानी में दस्तक दे दी है। ऐसे में दिल्ली में सुबह से ही आसमान में बादल छाए रहे। इस दौरान कई इलाकों में हल्की बूंदाबांदी दर्ज की गई। दोपहर से भारी बारिश शुरू हुई, जिससे मौसम सुहाना हो गया है और लोगों को चिलचिलाती धूप और उमस भरी गर्मी से राहत मिली है।
मौसम विभाग के मुताबिक, कल सुबह 8:30 बजे से शाम 5:30 बजे तक 5.1 एमएम बारिश दर्ज की गई। इस दौरान अधिकतम तापमान सामान्य से 4.4 डिग्री सेल्सियस की कमी के साथ 32.8 डिग्री दर्ज किया गया। यह जून माह का सबसे कम न्यूनतम तापमान है। वहीं, न्यूनतम तापमान सामान्य से 1.1 डिग्री सेल्सियस की कमी के साथ 26.8 डिग्री दर्ज किया गया। बीते 24 घंटे में हवा में नमी का न्यूनतम स्तर 77 फीसदी रहा। हालांकि, मौसम विभाग ने दिल्ली में रात 9 बजे तक बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया हुआ है।
लोधी रोड व आयानगर में सबसे अधिक तापमान रहा। यहां अधिकतम तापमान 32.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पालम में 32.4 और रिज में 31.9 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान रहा। वहीं, रिज में न्यूनतम तापमान अन्य केंद्र के मुताबिक सबसे कम रहा। यहां न्यूनतम तापमान 24.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। आया नगर में 26.0, पालम में 25.2 और लोधी रोड में 25.6 डिग्री दर्ज हुआ। इसके अलावा, मौसम विभाग के मुताबिक सुबह 8:30 बजे से शाम 5:30 बजे तक मयूर विहार ने 23, पालम में 13.6, आया नगर में 9.9, लोधी रोड में 5.3, रिज में 0.3, नजफगढ़ में 2.5 और मानक वेधशाला सफदरजंग में बारिश ट्रेस की गई।
दिल्ली में मानसून की दस्तक को लेकर मौसम विभाग इस बार पूरी तरह विफल रहा है। सबसे पहले मानसून के पूर्वानुमान में 25 जून को दिल्ली पहुंचने की संभावना थी। इसके बाद मानसून के 22 जून तक दिल्ली पहुंचने के आसार बताए गए। फिर 22 जून के बुलेटिन में कहा गया कि अगले तीन दिनों में आएगा। 23 जून के बुलेटिन में भी अगले तीन दिनों की संभावना जताई गई। 24 जून के बुलेटिन में दो दिनों में और 25 जून के बुलेटिन में 36 घंटे में मानसून के दिल्ली पहुंचने का पूर्वानुमान किया गया। इसके बाद 26 जून को फिर दिल्ली का जिक्र ही नहीं था।
Author: planetnewsindia
8006478914