
रुद्रपुर। बंगाल की खाड़ी से उठा पूर्वी विक्षोभ तराई को गर्मी से राहत दे रहा है। बीते 24 घंटे से आसमान में छाए बादल और हल्की बारिश होने से तापमान में छह डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। राहत की बात है कि अगले चार दिनों तक ऐसे ही मौसम का मिजाज बना रहेगा।
मौसम बदलाव से शुक्रवार की सुबह लगभग 10 बजे तराई में हल्की बारिश हुई। इसके साथ ही तीन किलोमीटर की गति से चल रही पूर्वी हवा के चलते मौसम सुहावना हो गया। हालांकि दोपहर बाद कुछ देर के लिए हल्की धूप भी निकली पर बेअसर रही। इसके चलते बृहस्पतिवार के तापमान 35.1 डिग्री के सापेक्ष शुक्रवार को अधिकतम तापमान 29 डिग्री पर पहुंच गया। वहीं न्यूनतम में भी पांच डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। मौसम में बदलाव से लोगों को गर्मी और पसीने से काफी हद तक राहत मिली। मौसम विभाग के अनुसार मैदान में अगले चार दिनों तक आसमान में बादल छाए रहेंगे। तेज हवा और गरज-चमक के साथ हल्की बारिश की भी संभावना है। इस दौरान कहीं-कहीं बिजली भी गिर सकती है। मौसम विभाग के अनुसार जिले में शुक्रवार को 10.4 मिमी बारिश दर्ज की गई। पंतनगर विवि के मौसम वैज्ञानिक डा. आरके सिंह ने बताया कि तराई में अगले चार दिनों तक पूर्वी हवा के साथ हल्की बारिश की संभावना है। इस दौरान आसमान में बादल छाए रहेंगे।
काशीपुर में भी बूंदाबांदी ने दी राहत
काशीपुर। शहर में पड़ रही गर्मी के बीच बूंदा-बांदी से लोगों ने राहत की सांस ली है। बीते दिन चिलचिलाती धूप में लोगों का बाहर निकलना मुश्किल हो रहा था। जबकि शुक्रवार सुबह से बदला मौसम लोगों के लिए राहत भरा रहा। हालांकि बारिश न होने से शाम तक मौसम में एक बार फिर परिवर्तन हो गया और धूप खिल आईशुक्रवार सुबह से मौसम सुहावना हो गया। ठंडी हवाओं के बीच बूंदा-बांदी ने मौसम का रुख बदल लिया। सुबह करीब 9:30 बजे बूंदा-बांदी शुरू हुई और तेज हवाएं चलने लगी। हालांकि कुछ देर बाद बूंदे गिरना बंद हो गईं, लेकिन मौसम खुशनुमा बना रहा। सर्द हवाओं के बीच सड़कों पर लोगों की चहल-पहल बढ़ गई। गर्मी के मार झेल रहे लोगों को कई दिनों बाद राहत मिली। हालांकि दोपहर तीन बजे के करीब एक बार फिर धूप खिली और गर्मी ने असर दिखाना शुरू किया। लेकिन शाम होते-होते मौसम में एक बार फिर सुधार देखने को मिला। बीते दिनों 38-39 डिग्री सैल्सियस तक पहुंच चुका तापमान शुक्रवार को लुढ़कर 22 डिग्री सैल्सियस डिग्री तक गया।
Author: planetnewsindia
8006478914