Aero India 2025: रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने सोमवार को बंगलूरू में एयरो इंडिया 2025 का उद्घाटन करने के बाद कहा कि सुरक्षा की कमजोरी में कभी शांति नहीं मिल सकती और मजबूत होकर ही हम बेहतर विश्व व्यवस्था के लिए काम कर पाएंगे।

बेंगलुरू में येलहंका एयरफोर्स स्टेशन पर एयरो इंडिया 2025 का 15वां संस्करण का समारोह चल रहा है। जिसे रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह संबोधित भी किया है। इस दौरान राजनाथ सिंह ने वैश्विक अनिश्चितताओं का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि एक बड़े देश के तौर पर भारत हमेशा शांति और स्थिरता का हिमायती रहा है।
रक्षा मंत्री ने आगे कहा, ‘हमारे लिए भारतीय सुरक्षा या भारतीय शांति अलग-थलग नहीं है। सुरक्षा, स्थिरता और शांति साझा निर्माण हैं जो राष्ट्रीय सीमाओं से परे हैं। (एयरो इंडिया में) विदेशी देशों के हमारे मित्रों की मौजूदगी इस बात का सबूत है कि हमारे साझेदार एक धरती, एक परिवार, एक भविष्य के हमारे दृष्टिकोण को साझा करते हैं।’
इस दौरान उन्होंने एयरो इंडिया 2025 की तुलना महाकुंभ से की है। उन्होंने कहा- ‘इस समय भारत में महाकुंभ चल रहा है…मुझे भी संगम में डुबकी लगाने का सौभाग्य प्राप्त हुआ है। मैं समझता हूं कि एयरो इंडिया के रूप में आज से भारत में एक और महाकुंभ का प्रारंभ हो रहा है। जहां एक तरफ प्रयागराज का महाकुंभ आत्म संधान का कुंभ है, वहीं दूसरी तरफ एयरो इंडिया का यह महाकुंभ अनुसंधान का कुंभ है। जहां एक तरफ प्रयागराज का महाकुंभ आंतरिक मजबूती पर ध्यान दे रहा है, वहीं दूसरी तरफ एयरो इंडिया का यह महाकुंभ हमारी बाहरी मजबूती पर ध्यान दे रहा है। जहां एक तरफ प्रयागराज का महाकुंभ भारत की संस्कृति को दर्शा रहा है, वहीं दूसरी तरफ एयरो इंडिया का यह महाकुंभ भारत की शक्ति को दर्शा रहा है। जहां एक तरफ परंपरा और आध्यात्म का महाकुंभ चल रहा है, वहीं दूसरी तरफ पराक्रम का महाकुंभ चल रहा है’।
एयरो इंडिया 2025 का उद्घाटन करने के बाद बोलते हुए रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा, आज की अनिश्चितताओं और आज के परिप्रेक्ष्य में उभर रही नई चुनौतियों से निपटने के लिए मिलकर काम करने की जरूरत पर जोर दिया। उन्होंने कहा, शांति का वट वृक्ष केवल शक्ति की जड़ों पर ही खड़ा हो सकता है। मेरा मानना है कि हम सभी को एक साथ मज़बूत होना होगा, तभी हम शांति सुनिश्चित कर पाएंगे। रक्षा मंत्री ने आगे कहा कि वैश्विक अनिश्चितता के इस माहौल में भारत एक बड़ा देश है, जहां शांति और समृद्धि है।
उन्होंने कहा, ‘अगर आप भारत के इतिहास का आकलन करेंगे, तो आप पाएंगे कि हमने न तो किसी देश पर हमला किया है और न ही हम किसी बड़ी शक्ति की प्रतिद्वंद्विता में शामिल रहे हैं।’ उन्होंने कहा, ‘एक बड़े देश के रूप में भारत हमेशा शांति और स्थिरता का हिमायती रहा है। और जब मैं यह कह रहा हूं, तो यह सिर्फ कहने की बात नहीं है, बल्कि यह हमारे मौलिक आदर्श की बात है।’
उन्होंने कहा, आज से शुरू हो रहे एयरो इंडिया के कई उद्देश्य हैं, ‘एयरो इंडिया का पहला महत्वपूर्ण उद्देश्य न केवल हमारी औद्योगिक क्षमता बल्कि हमारी तकनीकी प्रगति को भी पूरी दुनिया के सामने प्रदर्शित करना है। यह हमारे राष्ट्र की सुरक्षा के प्रति हमारी प्रतिबद्धता को दर्शाता है।’ राजनाथ सिंह ने कहा कि इससे भी बड़ा उद्देश्य मित्र देशों के साथ हमारे सहजीवी संबंधों को और मजबूत करना है।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि आज एयरो इंडिया के मंच पर दुनिया भर से सरकारी प्रतिनिधि, उद्योग जगत के नेता, वायुसेना के अधिकारी, वैज्ञानिक, रक्षा क्षेत्र के विशेषज्ञ, स्टार्ट-अप, शिक्षाविद और कई अन्य हितधारक एक साथ आए हैं। उन्होंने कहा, ‘यह संगम हमारे साझेदारों को एक साथ लाने में प्रभावी होगा, जिससे आखिर में हम सभी को लाभ होगा।’
रक्षा मंंत्री ने इस दौरान कहा- आज भारत में जो एक जीवंत और संपन्न रक्षा उद्योग का पारिस्थितिकी तंत्र बना है, उनके पीछे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में, हमारी सरकार द्वारा एक ठोस, टिकाऊ और अच्छी तरह से सोचा गया रोडमैप है। ऐतिहासिक रूप से रक्षा औद्योगिक क्षेत्र पर, भारत में एक गैर-आर्थिक क्षेत्र की तरह देखा जा रहा था। इसे राष्ट्रीय अर्थव्यवस्था के एक घटक के रूप में नहीं देखा गया था, बल्कि राष्ट्रीय सुरक्षा को केवल एक अपरिहार्य आवश्यकता के रूप में देखा गया था।
वहीं एयरो इंडिया 2025 पर नौसेना प्रमुख एडमिरल दिनेश के त्रिपाठी ने कहा, ‘नौसेना विमानन में बड़ी संख्या में नवाचार किए जा रहे हैं और यह समय की मांग है क्योंकि आपको विरोधी से एक कदम आगे रहना होगा। हमारे पास हाल ही में P8I विमान की तरफ से एयर-ड्रॉप करने योग्य कंटेनर है जो विस्तारित दूरी पर हमारे बेड़े का समर्थन कर सकता है। हमारे पास स्वदेशी रूप से विकसित रुद्रम मिसाइल है जिसे मिग 29 के साथ एकीकृत किया गया है और हम ऐसे कई और नवाचारों की कोशिश कर रहे हैं जो हमारे नौसेना विमानन की लड़ाकू क्षमता को बढ़ाएंगे’।
Author: planetnewsindia
8006478914
