पेट्रोल पंपों में लूट के आरोपी गैंग लीडर को जेएन मेडिकल कॉलेज से शनिवार की दोपहर छुट्टी दे दी गई। इसके बाद पुलिस ने उसे न्यायालय में पेश किया जहां से उसे जेल भेज दिया गया ।

28 दिसंबर की शाम बरला क्षेत्र के श्रीराम किसान सेवा केंद्र पेट्रोल पंप पर हथियार बंद चार बदमाशों ने करीब दस हजार रुपये लूटे थे। यह लुटेरे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज में कैद हुए थे, लेकिन पुलिस उन्हें पकड़ नहीं पाई। इसी बीच 03 जनवरी को इस गैंग के पांच सदस्यों ने अतरौली के नरौना 12 नंबर स्थित पेट्रोल पंप पर कर्मचारियों से पांच हजार रुपये लूट लिए थे। इसके बाद इसी गैंग ने करीब सात किलोमीटर की दूरी पर हरदुआगंज क्षेत्र के कलाई माइनर के निकट भारत पेट्रोलियम कंपनी के मोनिका इंटरप्राइजेज पेट्रोल पंप पर करीब दो लाख रुपये लूटे। लुटेरों ने पेट्रोल पंप के अंदर तोड़फोड़ की। दो कर्मचारियों की बाइक और स्कूटी भी लूटकर ले गए।
स्कूटी न चलने पर थोड़ी दूर में ही छोड़कर पांचों लुटेरे एक ही बाइक पर भाग निकले थे। बृहस्पतिवार की रात भी एक ही बाइक पर यह गैंग किसी वारदात को अंजाम देने के लिए निकला था तभी पुलिस से मुठभेड़ हो गई। इसमें गैंग लीडर जाहिद के पैर में गोली लगी थी। उसे जेएन मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया था।
अपनी ही कहानी में सवालों में फंसी पुलिस
हरदुआगंज। थाना पुलिस के अनुसार 03 जनवरी को कलाई माइनर स्थित पेट्रोल पंप में लूट के बाद पांचों लुटेरे पेट्रोल पंप कर्मचारी रोहित की लूटी गई बाइक लेकर भागे थे। सभी बरला थाना क्षेत्र के निवासी हैं। ऐसे में बड़ा सवाल यह पैदा होता है कि करीब दो घंटे पहले ही अतरौली क्षेत्र के पेट्रोल पंप पर लूट हुई थी, जिसका मेसेज वायरलेस पर प्रसारित हुआ था। इसके बाद पुलिस ने अतराैली से लेकर रामघाट रोड, डिबाई, छर्रा समेत अन्य मार्गों पर कड़ी चेकिंग शुरू कर दी थी। सवाल उठता है कि क्या जिले भर के थानों खासकर हरदुआगंज, अतरौली से सीधे जुड़े थानों की पुलिस सड़कों पर गस्त या चेकिंग करने को सतर्क नहीं थीं। पांचों लुटेरे एक के बाद एक दो पेट्रोल पंप पर लूट की वारदातों को अंजाम देकर साफ तरीके से कलाई माइनर से बरला थाना क्षेत्र में अपने गांव तक एक ही बाइक से आसानी से पहुंच गए। रास्ते में उन्हें रोकने-टोकने के लिए एक भी पुलिस कर्मी नहीं मिला। ऐसे में साफ है कि पुलिस वारदात के बाद में अलर्ट नहीं थीं । अगर ऐसा होता तो लुटेरे उसी दिन पुलिस की गिरफ्त में होते ?
वर्जन
पुलिस को दोनों पेट्रोल पंप लूट की सूचना जैसे ही मिली वैसे ही तत्काल सख्ती से जिले भर में लुटेरों की तलाश में चेकिंग शुरू करा दी गई थी। चूंकि घटना की रात घना कोहरा था। ऐसे में संभावना है कि लुटेरों ने किसी ऐसे रास्ते कच्चे रास्ते का प्रयोग किया था, जहां पुलिस चेकिंग नहीं कर रही हो। लूट की वारदात के बाद रात्रि गस्त व चेकिंग को बढ़ा दिया गया है। ताकि अब किसी भी प्रकार की घटना की पुनरावृत्ति न हो सके।
Author: planetnewsindia
8006478914