
शहर के सूर्य नगर की गली नंबर 6 निवासी एक डेयरी संचालक जीवन की हत्या मामले में किनाला सहित पांच गांवों की पंचायत अग्रोहा मेडिकल कॉलेज पहुंची है। पंचायत ने जीवन के परिवार की मांग का समर्थन करते हुए कहा कि पंचायत जबरदस्ती पोस्टमार्टम नहीं होने देंगे। जीवन के पड़ोस के लोग भी एकत्र होकर परिवार के साथ खड़े हो गए हैं।
लोगों ने की मुख्य आरोपी के एनकाउंटर की मांग
सूर्य नगर में मंगलवार सुबह हुई डेयरी संचालक की हत्या मामले में लोगों ने मुख्य आरोपी के एनकाउंटर की मांग उठाई है। लोगों को कहना है कि आरोपी के एनकाउंटर से ही पीड़ित परिवार को इंसाफ मिलेगा। इसके अलावा आज इस मामले में पीड़ित परिवार को न्याय दिलवाने के लिए पांच गांवों की पंचायत हिसार आई हुई है।
जीवन को मंगलवार सुबह साढ़े 4 बजे करीब 15 से ज्यादा लोगों ने लाठी-डंडों से पीट-पीट कर गंभीर रूप से घायल कर दिया था। परिजन उसे निजी अस्पताल में लेकर पहुंचे। निजी अस्पताल के चिकित्सकों ने उसे नागरिक अस्पताल रेफर कर दिया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया था।
जीवन मंगलवार सुबह साढ़े 4 बजे ट्रॉली को बाइक में जोड़कर गोबर डालने जा रहा था। गली नंबर 4 व 5 के बीच में करीब 15 से ज्यादा आरोपी घात लगाकर बैठे हुए थे। उन्होंने जीवन पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। आरोपियों ने लाठी-डंडों से हाथ व पैर तोड़ दिए और उसे गंभीर रूप से घायल छोड़कर वहां से भाग गए। जीवन की पत्नी रमन ने बताया कि इस वारदात की वजह पुराना विवाद है।