
शहर के सूर्य नगर निवासी डेयरी संचालक जीवन की लाठी-डंडों से पीट-पीटकर की गई हत्या के मामले में परिजनों और ग्रामीणों का गुस्सा चरम पर है। आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग को लेकर परिजनों ने जिंदल चौक पर रोड जाम कर दिया। इस दौरान किनाला सहित पांच गांवों की पंचायत अग्रोहा मेडिकल कॉलेज पहुंची और परिजनों के समर्थन में उतरते हुए स्पष्ट किया कि जब तक मांगे पूरी नहीं होतीं, जबरदस्ती पोस्टमार्टम नहीं होने दिया जाएगा।
घटना मंगलवार सुबह करीब साढ़े 4 बजे की है। जीवन अपनी बाइक में ट्रॉली जोड़कर गोबर डालने जा रहा था। गली नंबर 4 और 5 के बीच पहले से घात लगाकर बैठे 15 से अधिक हमलावरों ने उसे घेर लिया और लाठी-डंडों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमलावरों ने उसके हाथ-पैर तोड़ दिए और गंभीर रूप से घायल छोड़कर मौके से फरार हो गए। गंभीर हालत में परिजन उसे पहले निजी अस्पताल और फिर नागरिक अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुरानी रंजिश बनी हत्या की वजह
मृतक की पत्नी रमन ने बताया कि करीब डेढ़ महीने पहले उनके पड़ोसी एवं फाइनेंसर रमेश के साथ पशुओं का चारा डालने वाली होद बनाने को लेकर झगड़ा हुआ था। उस वक्त भी दोनों पक्षों में लाठी और बरछे चले थे, जिसमें रमन को भी चोटें आई थीं। उस मामले में पुलिस ने रमेश के खिलाफ केस दर्ज किया था। परिजनों का आरोप है कि उसी रंजिश के चलते इस वारदात को अंजाम दिया गया है।
पुलिस कार्रवाई और परिजनों का रुख
पुलिस ने मामले में आरोपी रमेश और मोलड़ सहित अन्य के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। हालांकि, घटना से आक्रोशित स्थानीय लोगों और पंचायत ने मुख्य आरोपी के एनकाउंटर की मांग उठाई है। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि आरोपी के एनकाउंटर से ही पीड़ित परिवार को न्याय मिलेगा। पुलिस प्रशासन मौके पर स्थिति को नियंत्रित करने और परिजनों को समझाने के प्रयास में जुटा है।