राजधानी दिल्ली में 10 अक्तूबर को कांग्रेस समेत अन्य विपक्षी दलों के प्रस्तावित विरोध प्रदर्शन और जाम की आशंका को देखते हुए भारतीय रेलवे ने कई ट्रेनों को निरस्त करने का फैसला लिया है। इससे प्रयागराज जंक्शन से दिल्ली जाने वाले यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। रेलवे ने 10 अक्टूबर को सुबह चार बजे से दोपहर दो बजे के बीच नई दिल्ली और हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन पहुंचने वाली कई मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों को उनके प्रारंभिक स्टेशन से ही निरस्त करने का निर्णय लिया है। इसके तहत नौ अक्टूबर को दोपहर दो बजे के बाद रवाना होने वाली संबंधित ट्रेनों का संचालन प्रभावित रहेगा।
रेलवे प्रशासन के अनुसार, यह फैसला नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर पूर्व में हुई एक घटना को ध्यान में रखते हुए लिया गया है। उस दौरान विरोध प्रदर्शन और सड़क पर जाम के कारण करीब पांच हजार यात्री समय पर स्टेशन नहीं पहुंच सके थे और उनकी ट्रेनें छूट गई थीं। यात्रियों को दोबारा ऐसी परेशानी से बचाने के लिए रेलवे ने एहतियाती कदम उठाया है। प्रयागराज जंक्शन से दिल्ली जाने वाली प्रयागराज एक्सप्रेस, रीवा एक्सप्रेस, शिवगंगा एक्सप्रेस और हमसफर एक्सप्रेस समेत कई ट्रेनें शुक्रवार, नौ अक्टूबर को निरस्त की जा रही हैं। रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा शुरू करने से पहले अपनी ट्रेन की स्थिति की जानकारी अवश्य प्राप्त कर लें।
दिल्ली में यातायात जाम की आशंका, उत्तर मध्य रेलवे ने 16 ट्रेनें कीं निरस्त
राजधानी दिल्ली में 10 अक्तूबर को सड़क जाम और भारी यातायात की आशंका को देखते हुए उत्तर मध्य रेलवे ने यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा के लिए 16 मेल, एक्सप्रेस और लोकल ट्रेनों को निरस्त करने का निर्णय लिया है। इनमें प्रयागराज से नई दिल्ली जाने वाली प्रयागराज एक्सप्रेस और हमसफर एक्सप्रेस भी शामिल हैं। ट्रेनें नौ और 10 अक्तूबर को निरस्त रहेंगी। रेलवे के अनुसार, यातायात संबंधी परामर्श में 10 अक्तूबर को सुबह चार बजे से दोपहर दो बजे तक नई दिल्ली और हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन के आसपास भारी जाम की आशंका जताई गई है। इसे देखते हुए संबंधित ट्रेनों को उनके प्रारंभिक स्टेशन से ही निरस्त किया गया है।
नौ अक्तूबर को निरस्त ट्रेनें
- 12033 कानपुर सेंट्रल–नई दिल्ली शताब्दी एक्सप्रेस — 10 अक्तूबर
- 12417 प्रयागराज–नई दिल्ली प्रयागराज एक्सप्रेस — 9 अक्तूबर
- 12275 प्रयागराज–नई दिल्ली हमसफर एक्सप्रेस — 9 अक्तूबर
- 12451 कानपुर सेंट्रल–नई दिल्ली श्रम शक्ति एक्सप्रेस — 9 अक्तूबर
- 12447 मानिकपुर–हजरत निजामुद्दीन यूपी संपर्क क्रांति एक्सप्रेस — 9 अक्तूबर
- 64151 अलीगढ़–दिल्ली मेमू — 9 अक्तूबर
- 64107 दनकौर–दिल्ली ईएमयू — 9 अक्तूबर
- 64113 खुर्जा–गाजियाबाद ईएमयू — 9 अक्तूबर
10 अक्तूबर को निरस्त ट्रेनें
- 14211 आगरा कैंट–नई दिल्ली इंटरसिटी एक्सप्रेस
- 64101 अलीगढ़–दिल्ली ईएमयू
- 64111 खुर्जा–शकूरबस्ती ईएमयू
- 64581 हाथरस किला–दिल्ली मेमू
- 64103 अलीगढ़–दिल्ली ईएमयू
- 64583 टूंडला–दिल्ली मेमू
- 64105 अलीगढ़–नई दिल्ली ईएमयू
- 64109 दनकौर–शकूरबस्ती ईएमयू
यात्रा से पहले जांच लें ट्रेन की स्थिति
रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि असुविधा से बचने के लिए यात्रा शुरू करने से पहले अपनी ट्रेन की स्थिति की जानकारी अवश्य प्राप्त कर लें। इसके लिए रेलवे हेल्पलाइन नंबर 139, राष्ट्रीय ट्रेन पूछताछ प्रणाली (एनटीईएस) ऐप या रेलवे के आधिकारिक सूचना माध्यमों का उपयोग किया जा सकता है।




