कोतवाली के हेड मोहर्रिर और राम पार्टी के जिलाध्यक्ष विजय शर्मा उर्फ बैंजू पंडित का एक ऑडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है। इस ऑडियो में पैसों के लेन-देन की बात सामने आई है, जिसके बाद दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर गंभीर आरोप लगाए हैं। जिलाध्यक्ष ने इसे वसूली बताया है, जबकि हेड मोहर्रिर ने उधारी के पैसे वापस मांगने का दावा किया है।
शुक्रवार को मिली जानकारी के अनुसार वायरल ऑडियो में दूसरी तरफ बात करने वाले राम पार्टी के जिलाध्यक्ष विजय शर्मा बैंजू ने आरोप लगाया है कि हैड मोहर्रिर ने एक निर्दोष व्यक्ति को थाने से छुड़ाने के लिए उनसे पैसे मांगे थे। बैंजू ने कहा कि पीड़ित युवक के भाई ने दबाव में आकर वह रकम दी थी, जिसका जिक्र ऑडियो में है। दूसरी ओर, हैड मोहर्रिर ने वसूली के आरोपों को पूरी तरह से खारिज कर दिया है। उनका कहना है कि उन्होंने जिलाध्यक्ष की पत्नी के फोन-पे पर 50 हजार रुपये उधार दिए थे। हैड मोहर्रिर का दावा है कि ऑडियो में वह रिश्वत नहीं, बल्कि अपने ही दिए हुए रुपये वापस मांग रहे थे। सामने आए ऑडियो की बातचीत के अनुसार, दोनों के बीच पैसों के लेन-देन और उसे भिजवाने या थाने पहुंचाने को लेकर चर्चा हुई है। इसमें पैसे लेने वाले व्यक्ति से कहा जा रहा है कि वह अपने भैया को कहकर रुपये भिजवा दे। बातचीत के दौरान यह भी तय किया जा रहा है कि पैसे कहां भिजवाने हैं। साथ ही पैसों को अपने पास सुरक्षित रखने या सुबह ले लेने की बात कही गई है। बातचीत के अंत में यह सहमति बनती दिखती है कि पैसे घर पर भिजवा दिए जाएं। इस ऑडियो के सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद सीओ हिमांशु माथुर ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही हकीकत साफ हो पाएगी।




