
गांव ततारपुर मोहरिया गांव में 17 साल की किशोरी मधु की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। यह कार्रवाई घर से मिले एक सुसाइड नोट के आधार पर की गई है, जिसमें पांच लोगों पर किशोरी को अपमानजनक शब्दों से प्रताड़ित करने का आरोप लगाया गया है।
शुक्रवार को मिली जानकारी के अनुसार घटना के दो दिन बाद घर की अलमारी से एक नोटबुक मिली थी। इसी नोटबुक में सुसाइड नोट लिखा हुआ था। इस नोट में समीर, सोनू, मुनाशीम, उस्ताद और एक अन्य रिश्तेदार (भांजे) के नाम दर्ज हैं। मृतका की मां ने बताया कि मधु अक्सर बीमार रहती थी। 16-17 सितंबर की रात वह आंगन में बेहोश मिली थी। परिजन उसे तुरंत अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद परिजनों ने 17 सितंबर को ही उसका अंतिम संस्कार कर दिया था। हालांकि, अगले दिन घर की अलमारी में डायरी मिलने के बाद यह मामला बढ़ गया। स्थानीय विधायक अंजुला माहौर ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी। उन्होंने पुलिस के बड़े अधिकारियों से फोन पर बात कर मामले में निष्पक्ष और सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। परिजनों की शिकायत और डायरी के आधार पर पुलिस ने पांचों नामजद आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया था। पुलिस ने अब तक तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि बाकी आरोपियों की तलाश और मामले की अन्य पहलुओं पर जांच अभी भी जारी है।





