Ektaa Kapoor Confirms The Dirty Picture 2: एकता कपूर ने हाल ही में एक इंटरव्यू में बात करते हुए यह कन्फर्म कर दिया है कि वह ‘द डर्टी पिक्चर 2’ लेकर आ रही हैं। उन्होंने फिल्म से जुड़ी कई चीजें शेयर की। आइए जानते हैं कि निर्माता ने क्या बताया।

साल 2011 में आई फिल्म ‘द डर्टी पिक्चर’ को लोगों ने काफी पसंद किया था। मिलन लुथरिया के निर्देशन में बनी यह फिल्म सिल्क स्मिता की जिंदगी पर आधारित थी। इसमें विद्या बालन ने लीड रोल प्ले किया था। वहीं, उनके साथ नसीरुद्दीन शाह, इमरान हाशमी और तुषार कपूर भी नजर आए थे।
रणवीर अल्लाहबादिया के पॉडकास्ट में बात करते हुए एकता ने कहा कि वह काफी समय से फिल्म ‘द डर्टी पिक्चर’ के सीक्वल के बारे में सोच रही थीं। अब उन्हें ऐसी कहानी मिल गई है, जिसे वह दर्शकों को सुनाना चाहती हैं। निर्माता ने यह भी बताया कि पहली फिल्म की तरह नई फिल्म भी किसी एक व्यक्ति की जिंदगी पर आधारित होगी। हालांकि, इस बार कहानी किसके इर्द-गिर्द घूमेगी, इसका खुलासा उन्होंने नहीं किया।
एकता कपूर ने कहा, ‘मैं एक बहुत बड़ी फिल्म बना रही हूं, जिसका नाम ‘द डर्टी पिक्चर 2′ है। मैं 15 साल बाद इसकी योजना बना रही हूं। इस बार मुझे लगता है कि मेरे पास एक ऐसी कहानी है, जिसे मैं बताना चाहती हूं।’
एकता ने पहली फिल्म के बारे में बात करते हुए कहा कि ‘द डर्टी पिक्चर’ सिल्क स्मिता की जिंदगी पर आधारित थी। यह एक ऐसी महिला की कहानी थी, जिसे अपनी यौन स्वतंत्रता को खुलकर स्वीकार करने के लिए आलोचना का सामना करना पड़ा।
एकता के मुताबिक, उन्होंने सिल्क स्मिता को कभी पीड़ित के रूप में नहीं देखा, बल्कि एक ऐसी महिला के तौर पर देखा, जिसने अपनी यौन स्वतंत्रता को अपनाया और उसका जश्न मनाया। फिल्म को दर्शकों का अच्छा रिस्पॉन्स मिला था।
बता दें कि फिल्म सिल्क स्मिता की जिंदगी से प्रेरित थी और इसमें दक्षिण भारतीय फिल्म इंडस्ट्री में उनके संघर्ष, सफलता और निजी जिंदगी के कई पहलुओं को दिखाया गया था।
सिल्क स्मिता ने अपने करीब 18 साल के करियर में 450 से अधिक फिल्मों में काम किया था। फिर 35 साल की उम्र में सिल्क स्मिता ने अपने चेन्नई स्थित घर पर आत्महत्या कर ली थी।
बता दें कि फिल्म में सिल्क स्मिता का किरदार निभाने वाली विद्या बालन को उनके शानदार अभिनय के लिए सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री का राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार मिला था।


