गांव लुटसान में मंगलवार की देर शाम खेत से काम करके घर लौटी महिला के साथ आपसी कहासुनी को लेकर उसके देवर ने पीट दिया। वहीं घटना के दौरान बीच-बचाव करने आईं महिला की दोनों बेटियों को भी महिला के दबंग देवर ने पीटकर घायल कर दिया। घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल रेफर किया कया है।
बुधवार को घटना की जानकारी देते हुए गांव लुटसान निवासी शिव कुमार की पीड़िता पत्नी नीतू ने बताया कि वह मंगलवार शाम करीब साढ़े सात बजे रोज की तरह खेत से काम समाप्त कर घर लौटी थीं। घर पहुंचते ही उनके देवर से किसी बात को लेकर आपसी कहासुनी हो गईं इसे लेकर देवर बौखला गया और उसने महिला को पीट दिया। मां को पिटते देख नीतू की दोनों बेटियां भावना और दीक्षा जब बचाने दौड़ीं, तो देवर ने उन्हें भी पीट दिया। जिससे मां और दोनों बेटियां घायल हो गईं। घटना की जानकारी होने पर ग्रमीणों की भीड जुट गई। लोगों को आते देख देवर मौके से भाग गया। ग्रामीणों ने घायलों को कोतवाली पहुंचाया। जहां पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को उपचार हेतु सीएचसी भेजा। सीएचसी में चिकित्सकों ने हालत गंभीर देखते हुए तीनों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। वहीं सासनी कोतवाली प्रभारी विपिन चैधरी ने बताया कि पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भिजवा दिया है और मामले की गहनता से जांच-पड़ताल की जा रही है। तहरीर मिलने पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।


