पुलिस ने बताया कि शाम 6 बजे तक टीम ने नहर में दोनों भाइयों को तलाश किया लेकिन पता नहीं लग सका। रविवार को फिर सर्च अभियान शुरू किया जाएगा।

रोहतक के बोहर गांव में शनिवार दोपहर करीब 3 बजे जेएलएन नहर में नहाने गए दो भाई डूब गए। छोटे भाई प्रदीप (10) को डूबता देख बड़े भाई कुलदीप (12) ने उसे बचाने के लिए छलांग लगा दी लेकिन वो भी डूब गया। देर शाम तक पुलिस व एनडीआरएफ की टीम दोनों को तलाश करती रही लेकिन तेज बहाव व गहराई ज्यादा होने के कारण सुराग नहीं लग सका। अब रविवार को दोबारा सर्च अभियान चलाया जाएगा। अर्बन एस्टेट थाना प्रभारी कंवलजीत ने बताया कि बिहार के मधुबनी निवासी दलीप सिंह दो साल से गांव में किराये पर रहते हैं। यहां मजदूरी का काम करके अपना घर चलाते हैं। शनिवार दोपहर बाद कुलदीप व प्रदीप नहाने गांव के नजदीक से गुजर रही नहर पर चले गए

प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि बोहर गांव के पुल से पहले नहाते समय छोटे भाई प्रदीप का पैर फिसल गया और वह तेज बहाव में बह गया। मौके पर मौजूद बड़े भाई कुलदीप ने भी उसे बचाने के लिए छलांग लगा दी लेकिन वह भी तेज बहाव में डूब गया। मामले की सूचना पुलिस को दी गई।
रविवार को फिर शुरू होगा सर्च अभियान
अर्बन एस्टेट थाना प्रभारी कंवलजीत सिंह मौके पर पहुंचे और एनडीआरएफ की टीम को बुलाया गया। शाम 6 बजे तक टीम ने नहर में दोनों भाइयों को तलाश किया लेकिन पता नहीं लग सका। थाना प्रभारी का कहना है कि रविवार को फिर सर्च अभियान चलाया जाएगा। नहर की गहराई 15 फीट से ज्यादा है और बहाव भी तेज है।
