सासनी में विश्व हिन्दू परिषद के तत्वावधान में मातृशक्ति दुर्गा वाहिनी प्रखंड सासनी की ओर से शारदीय नवदुर्गा महोत्सव के पावन पर्व पर स्थानीय स्तर पर भव्य शक्ति साधना कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा भारत माता और मां दुर्गा के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया। इसके बाद दुर्गा वाहिनी की बहनों ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ कार्यक्रम की विधिवत शुरुआत की।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण शस्त्र पूजन रहा, जिसे प्रगति वार्ष्णेय, पूजा वार्ष्णेय, दीपा वार्ष्णेय, ब्रजवाला वार्ष्णेय, प्रियंका पालीवाल, सुनीता शर्मा, सरिता वार्ष्णेय और निशा सेंगर सहित अन्य बहनों ने विधि-विधान से संपन्न किया। इस अनुष्ठान का उद्देश्य मातृशक्ति में आत्मरक्षा और राष्ट्र रक्षा के भाव को जागृत करना था। इस अवसर पर मुख्य वक्ता जिला संयोजिका दुर्गा वाहिनी प्रियांशी वार्ष्णेय ने कहा कि शस्त्र केवल सुरक्षा का प्रतीक हैं और आज के समय में हर नारी का आत्मनिर्भर तथा सशक्त होना अनिवार्य है। कार्यक्रम के दौरान सामूहिक दुर्गा चालीसा पाठ, शक्ति भजनों की प्रस्तुति और दिव्य आरती ने पूरे माहौल को भक्तिमय बना दिया। श्जय श्री रामश् और श्जय माता दीश् के जयघोष से पूरा वातावरण गूंज उठा। कार्यक्रम की अध्यक्षता अर्चना शर्मा ने की तथा संचालन मातृशक्ति संयोजिका प्रगति वार्ष्णेय ने किया। इस दौरान प्रांत सेवा टोली के विद्या भूषण गर्ग, प्रखंड अध्यक्ष योगेश वार्ष्णेय, मंत्री जगदीश प्रसाद शर्मा, सहमंत्री जयपालसिंह कुशवाहा, उपाध्यक्ष जितेन्द्र सिंह और राजू माहौर सत्संगी सहित बड़ी संख्या में मातृशक्ति एवं दुर्गा वाहिनी की बहनें उपस्थित रहीं। अंत में अध्यक्षा अर्चना शर्मा ने सभी आगंतुकों के प्रति आभार व्यक्त किया।



