कोतवाली के विभिन्न थाना क्षेत्रों में हाल ही में अपराध, मारपीट और दर्दनाक सड़क हादसों के कई मामले सामने आए हैं। पुलिस ने पीड़ितों की तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
पहली घटना में दो दिन पूर्व सड़क हादसे में बाइक में आग लगने और पिता-पुत्र की दर्दनाक मौत, की घटना में अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
बता दें कि सासनी कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत नौ अक्टूबर की दोपहर करीब एक बजे अलीगढ़ से हाथरस वापस आ रहे शैलेन्द्र कुमार और उनके पिता भगवती प्रसाद की मोटरसाइकिल यूपी-86 एवी 6880 को हनुमान मंदिर के आगे बनचेतना के सामने हाथरस की ओर से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक यूपी 80 डीटी 1399 ने टक्कर मार दी थी। जिसमें पिता पुत्र की मौके पर मौत हो गई थी, और मोटरसाइकिल में आग लग गई थी। चालक ट्रक को मौके पर छोड़कर फरार हो गया, जिसे पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है। ट्रक और अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ लाखन सिंह पुत्र भगवती प्रसाद निवासी नहरोई ने कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
दूसरी घटना में सेवानिवृत एलआईयू के घर के बाहर खड़ी अर्टिगा कार चोरी हो गई। जिसकी शिकायत करते हुए कोतवाली चैराहा नानऊ रोड निवासी सेवानिवृत एलआईयू लखमी सिंह के पुत्र पुष्पेंद्र सिंह ने कहा हे कि उसकी सफेद रंग की मारुति अर्टिगा कार यूपी 86 एएफ 3230 गत 30 सितंबर की रात को उनके घर के पीछे बनी पार्किंग से अज्ञात चोर चोरी कर ले गये। सुबह टहलने जाने पर पार्किंग का गेट खुला मिला और कार गायब थी। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस वाहन की तलाश में जुटी है।
तीसरी घटना में एक विधवा महिला के घर में घुसकर मारपीट और तोड़फोड़ करने की कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई हैा गांव गारव गढ़ी की रहने वाली एक छेदी लाल की विधवा पत्नी मंजू ने कोतवाली में शिकायत दर्ज की है कि दिनांक ग्यारह अक्टूबर की सुबह लगभग दस बजे उसका पड़ौसी राहुल, कमला देवी, रेखा व अन्य लोगों ने पुरानी रंजिश के चलते घर में घुसकर मारपीट की और गाली-गलौज की। आरोप है कि दबंगों ने प्रार्थिया के चेहरे पर गंभीर चोटें पहुंचाईं और मोबाइल भी तोड़ दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
चौथी घटना में पारिवारिक विवाद में मारपीट और जान से मारने की धमकी की शिकायत दर्ज हुई है। गांव तिलौठी में दिनांक ग्यारह अक्टूबर को प्रेमपाल की पत्नी रजनी के साथ उनके पति प्रेमपाल, जेठ विनोद, जगदीश और ससुर भजनलाल ने मारपीट शुरू कर दी। जब इसकी सूचना मायके वालों को दी गई, तो पहुंचे माता-पिता और रिश्तेदारों के साथ भी आरोपियों ने मारपीट की और गंदी गालियां देते हुए जान से मारने की धमकी दी। पीडिता की शिकायत पर पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।
