आरोपी ने बताया कि अपने रिश्तेदार की मदद से महिला की हत्या कर साक्ष्य मिटाने के लिए शव थाना अकराबाद क्षेत्र के गांव धर्मपुर के पास नहर पटरी किनारे वन विभाग की झाड़ियों के बीच गड्ढा खोदकर दबा दिया था।

बुलंदशहर जिले के खुर्जा देहात थाने के गांव शहबाजपुर से लापता पिंकी देवी का कंकाल शुक्रवार को धर्मपुर के पास नहर की पटरी के किनारे झाड़ियों में गड्ढा खोदवाकर पुलिस ने बरामद किया। पिंकी देवी 25 सितंबर से लापता थीं। एक आरोपी की निशानदेही पर खुर्जा पुलिस कंकाल खोदवाकर अपने साथ ले गई है।
शहबाजपुर गांव निवासी रामकुमार ने दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया था कि उनकी पत्नी पिंकी देवी 25 सितंबर से लापता है। रिपोर्ट दर्ज होने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की तो गांव निवासी एक व्यक्ति का नाम प्रकाश में आया। उसे पकड़कर खुर्जा पुलिस ने पूछताछ की जिस पर वह टूट गया। पुलिस की पूछताछ में उसने बताया कि अपने रिश्तेदार की मदद से उसने महिला की हत्या कर दी है।
साक्ष्य मिटाने के लिए शव थाना अकराबाद क्षेत्र के गांव धर्मपुर के पास नहर की पटरी के किनारे वन विभाग की झाड़ियों के बीच गड्ढा खोदकर दबा दिया था। शुक्रवार को खुर्जा थाना पुलिस पीड़ित परिवार और आरोपी को लेकर मौके पर पहुंची। आरोपी की निशानदेही पर गड्ढे में दबा महिला का कंकाल और उसके कपड़े पुलिस ने बरामद किए। कपड़ों से परिजन ने शव की पहचान पिंकी देवी के रूप में की।
घटना के संबंध में अकराबाद थाना प्रभारी निरीक्षक पंकज मिश्रा का कहना है कि बुलंदशहर जिले की पुलिस एक व्यक्ति को लेकर आई थी और यहां से एक महिला का कंकाल बरामद कर ले गई है। मामले में पूरी कार्रवाई खुर्जा से हो रही है। थाना स्तर पर अधिक जानकारी नहीं है।

