
प्रियंका गांधी बोलीं- सांसदों को पीट रही है पुलिस
कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा, “ये लोग चुनाव आयुक्त से मिलने की गुहार लगाने वाले सांसदों के साथ ऐसा बर्ताव करते हैं। ये हमारे साथ ऐसा बर्ताव करते हैं। वे सांसदों को पीट रहे हैं। पुलिसकर्मियों ने मुझे जगह-जगह खरोंच दिया है। उन्होंने हमें जमीन पर पटक दिया है। अब हम यहां से नहीं हटेंगे। चाहे वे अपने बल वापस बुला लें, मैं यहां से नहीं हटूंगी।”
रेणुका चौधरी बोलीं- वे गुंडागर्दी का ले रहे सहारा
इंडिया ब्लॉक के प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस सांसद रेणुका चौधरी ने कहा, “वे (केंद्र सरकार) गुंडागर्दी का सहारा ले रहे हैं। हम डरेंगे नहीं। हम देश के युवाओं के लिए लड़ रहे हैं।”
टीएमसी सांसद महुआ मोइत्रा का दावा- पुलिस कर रही मारपीट और लाठीचार्ज
एमसी सांसद महुआ मोइत्रा ने कहा, “आप देख सकते हैं कि दिल्ली पुलिस शांतिपूर्ण प्रदर्शनकारियों के साथ कितनी क्रूरता से पेश आ रही है। ज्ञानेश कुमार को इस्तीफा देना होगा। हमारी गलती क्या है? दिल्ली पुलिस द्वारा कार्यकर्ताओं और आम जनता के साथ इतनी बेरहमी से मारपीट और लाठीचार्ज क्यों किया जा रहा है? सांसदों को जंतर-मंतर तक पहुंचने से क्यों रोका जा रहा है? आखिर यहां क्या हो रहा है?”
पुलिस ने जंतर-मंतर जाने से रोका, सड़क पर लेटकर प्रियंका गांधी का धरना शुरू
इंडिया गठबंधन के सांसदों की बस से लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के साथ उतरते हुए कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा, “क्या यह कोई तरीका है? आप देख सकते हैं कि ये लोग क्या कर रहे हैं।” इंडिया गठबंधन के सांसदों का कहना है कि पुलिस ने उनकी बस को रोक दिया है और उन्हें जंतर-मंतर की ओर जाने की अनुमति नहीं दी जा रही है। वहीं, प्रियंका गांधी ने सड़क पर लेटकर धरना शुरू कर दिया।
जयराम रमेश ने बताया- खरगे की लंच बैठक में क्यों शामिल नहीं हुए समाजवादी पार्टी के सांसद?
इंडिया गुट के प्रदर्शन और लंच में समाजवादी पार्टी और कुछ अन्य दलों के सांसदों को आमंत्रित नहीं किए जाने के मुद्दे पर सवाल खड़े होने के बाद कांग्रेस सांसद जयराम रमेश ने इस पर सफाई दी। उन्होंने एक्स पर पोस्ट में कहा, ”आज के लंच के लिए इंडिया गुट के सभी दलों को आमंत्रित किया गया था। लेकिन लंच का फैसला कल देर रात लिया गया और उसी समय इसकी जानकारी दी गई। इसलिए स्वाभाविक था कि कुछ दलों के प्रतिनिधि इसमें शामिल नहीं हो सके। कुछ मीडिया संस्थानों में इसे लेकर बेवजह टिप्पणी की जा रही है। इंडिया गुट और अन्य विपक्षी दल वोट चोरी, एसआईआर और परिसीमन के खिलाफ एकजुट हैं और पूरी मजबूती से एक-दूसरे के साथ खड़े हैं।”
कांग्रेस सांसद अमर सिंह बोले- ज्ञानेश कुमार हमसे मुलाकात क्यों नहीं कर सकते?
कांग्रेस सांसद अमर सिंह ने कहा, “सांसदों में जोश देखिए। यह पीएम मोदी का शासन है और उनकी पुलिस हमें रोक रही है। हमें कहीं तो प्रदर्शन करने दीजिए। ज्ञानेश कुमार हमसे मुलाकात क्यों नहीं कर सकते?”
हिरासत में लिए गए दिल्ली प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्र यादव
दिल्ली कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने कहा, “इस देश में शांतिपूर्ण तरीके से प्रदर्शन करना अपराध बन गया है। जब तक ज्ञानेश कुमार इस्तीफा नहीं देते, हम सड़कों पर अपना प्रदर्शन जारी रखेंगे।”
जंतर-मंतर जा रही बस की छत पर चढ़े कांग्रेस सांसद
कांग्रेस सांसद अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग, दीपेंद्र सिंह हुड्डा, इमरान प्रतापगढ़ी और इमरान मसूद जंतर-मंतर की ओर जाने की कोशिश कर रही बस के ऊपर चढ़ गए। बस में राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खरगे और लोकसभा में विपक्ष के नेता समेत इंडिया गठबंधन के सांसद मौजूद हैं।
कांग्रेस के नेताओं ने जंतर-मंतर पर किया प्रदर्शन
मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर कांग्रेस और विपक्ष के कार्यकर्ताओं का जंतर-मंतर पर धरना शुरू कर दिया है।
टीएमसी सांसद डेरेक ओ ब्रायन बोले- हम सभी एकजुट हैं
टीएमसी सांसद डेरेक ओ ब्रायन ने कहा, “हम सभी यहां एक साथ हैं, हम सभी एकजुट हैं और हम सभी बिना किसी अहंकार के यहां मौजूद हैं। हम इन लोगों के खिलाफ तब तक लड़ेंगे, जब तक वे सत्ता से बाहर नहीं हो जाते।” उन्होंने यह बयान कांग्रेस अध्यक्ष और राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खरगे की ओर से मुख्य चुनाव आयुक्त के मुद्दे पर बुलाई गई विपक्षी सांसदों की बैठक के बाद दिया।


