Weather in UP: यूपी से मानसून के साथ चक्रवात ने भी विदा ले ली है। मौसम विभाग के अनुसार अब किसी भी जिले में बारिश को लेकर पूर्वानुमान नहीं है।
![]()
कई दिनों की बारिश के बाद प्रदेश के ज्यादातर जिलों में सोमवार को धूप खिलने से मौसम ने करवट लिया। बारिश और तेज हवाओं की रफ्तार थमने के साथ तापमान में भी बढ़ोतरी शुरू हो गई है। मौसम विभाग के अनुसार बंगाल की खाड़ी में सक्रिय रहा मौसम तंत्र अब कमजोर पड़ गया है। इसके असर से अगले एक सप्ताह में प्रदेश के अधिकतम तापमान में पांच से आठ डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी होने का अनुमान है।
बारिश थमी तो खिल उठी धूप, आठ डिग्री चढ़ा पारा
कई दिन तक लगातार बारिश के बाद सोमवार को राजधानी में मौसम ने करवट ली। बारिश थमी तो धूप खिली। इससे दिन का तापमान आठ डिग्री तक बढ़ गया। हवा में नमी बरकरार रहने से लोगों को उमस भी झेलनी पड़ी।
क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के मुताबिक मंगलवार को धूप की तल्खी और बढ़ेगी। इससे तापमान में और बढ़ोतरी होने की संभावना है। सोमवार को राजधानी का अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।
यह रविवार के मुकाबले आठ डिग्री अधिक रहा। न्यूनतम तापमान 21.4 डिग्री सेल्सियस रहा। इसमें 0.2 डिग्री की मामूली बढ़ोतरी दर्ज की गई।
