
कोतवाली क्षेत्र के गांव नगला जहरू में शुक्रवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक घर में खाना बनाते समय अचानक एलपीजी सिलेंडर ने आग पकड़ ली। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। मौके पर मौजूद लोगों ने बडी मुश्किल से आग पर काबू पाया।
शुक्रवार को मिली जानकारी के अनुसार गांव नगला जहरू निवासी विनोद कुमार पुत्र बनवारी लाल की माताजी का बीते बुधवार को निधन हो गया था। उनके निधन के उपरांत शुक्रवार को रस्म के तहत कन्याओं को भोजन कराने के लिए खाना तैयार किया जा रहा था। इसी दौरान रसोई में अचानक सिलेंडर से गैस रिसाव के कारण आग लग गई। आग की तेज लपटें उठते ही परिजन जान बचाकर बाहर की ओर भागे। शोर सुनकर आसपास के लोग भी मौके पर एकत्र हो गए। इसी बीच घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पत्रकार राहुल प्रकाश ने तत्परता दिखाते हुए निकट स्थित भारत गैस एजेंसी को फोन कर मामले की सूचना दी। सूचना पर तुरंत प्रतिक्रिया देते हुए गैस एजेंसी के संचालक अग्निशमन फायर फाइटिंग उपकरणों के साथ खुद मौके पर पहुंचे। एजेंसी संचालक और ग्रामीणों ने भारी मशक्कत के बाद अग्निशमन उपकरणों की मदद से सिलेंडर में लगी आग पर पूरी तरह काबू पाया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई और ग्रामीणों व एजेंसी की सजगता से एक बड़ा हादसा टल गया।



