अलीगढ़ के बरला के परौरा गांव में सोमवार शाम घर लीपने के लिए पीली मिट्टी लेने गए 14 बच्चों पर ढाय गिर गई, जिसमें दो की दबकर मौत हो गई, अन्य 12 बच्चे सुरक्षित हैं, ग्रामीणों ने बाहर निकाला लेकिन तब तक देर हो चुकी थी।

बरला के गांव परौरा में सोमवार शाम घर लीपने के लिए पीली मिट्टी लेने गए बच्चों पर ढाय गिर गई। इसमें दबकर कौशल (08) और काजल (13) की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस जांच पड़ताल कर रही है।
कौशल पुत्र सुम्मेर सिंह चार भाई-बहनों में सबसे छोटा था। वह पांचवीं कक्षा का छात्र था। उसके पिता मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। मां बिरजो देवी ने घर लीपने के लिए अन्य बच्चों के साथ मिट्टी लेने भेजा था। हरिश्चंद्र की पुत्री काजल परिवार की इकलौती बेटी थी। उसके पिता ईंट भट्ठे पर मजदूरी करते हैं। काजल नौवीं कक्षा में पढ़ती थी। मां पूजा देवी ने भी उसे मिट्टी लेने भेजा था।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। सीओ संजय कुमार त्यागी ने बताया कि पुलिस टीम मौके पर पहुंचकर पड़ताल कर रही है। परिजन पोस्टमार्टम कराने से इन्कार कर रहे हैं। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
राजस्व टीम से रिपोर्ट मांगी गई है। दैवीय आपदा की घटनाओं में आर्थिक सहायता दी जाती है। टीम से रिपोर्ट मिलने के बाद आर्थिक सहायता के लिए नियमानुसार प्रक्रिया शुरू की जाएगी। – सतीश चंद, तहसीलदार, अतरौली
मिट्टी लेने गए थे ये बच्चे
हादसे के समय मौके पर कौशल और काजल के अलावा नंदिनी (10), शेखु (08), सुनील कुमार (10), मोदी (10), प्रशांत (14), अभिषेक (13), रुकमणी (15), सचिन (10), अन्नू (08), दुर्गा (08), ललिता (06) और सपना (09) भी थीं।
