शिकोहाबाद रेलवे स्टेशन के मालगोदाम के पास खड़े ट्रैक मेंटेनेंस कोच में अचानक भीषण आग लग गई। आग के बीच सिलिंडर धमाके के साथ फट गया, जिससे मौके पर भगदड़ मच गई और एक व्यक्ति के घायल होने की सूचना है।

शिकोहाबाद रेलवे स्टेशन के मालगोदाम के पास खड़े ट्रैक मेटिंनेस कोच में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते भीषण आग लग गई। इस घटना से रेल प्रशासन में हड़कंप मच गया। फायर ब्रिगेड की टीम ने मौके पर आकर आग बुझाने का काम शुरू कर दिया है।
शनिवार को शिकोहाबाद रेलवे स्टेशन के समीप बने मालगोदाम के पास दोपहर 1 बजे करीब यह घटना घटित हुई। मालगोदाम के पास शंटिंग लाइन पर ट्रैक मेंटेनेंस के लिए कई कोच खड़े हुए थे। जिनमें रखी हुई मशीन में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। आग की तेज लपटें ऊपर उठने लगी। दोपहर 1:25 पर कोच के अंदर सिलिंडर फटने से तेज धमाके की आवाज हुई।
सिलिंडर फटते ही राहत एवं आग बुझाने के कार्य में जुटे पुलिसकर्मी और रेलवे स्टाफ एवं अन्य लोगों में भगदड़ मच गई। सभी लोग अपनी जान बचाकर मौके से भाग निकले। कुछ ही देर में फायर ब्रिगेड की टीम भी मौके पर पहुंच गई। जिसने आग बुझाने का काम शुरू कर दिया है। प्रयागराज डिवीजन के रेलवे अधिकारी पल पल की जानकारी ले रहे हैं। मौके पर पुलिस प्रशासन की टीम भी मौजूद है। अब तक फायर ब्रिगेड की तीन टीमें मौके पर आ चुकी हैं। इस घटना में सिलिंडर फटने से एक व्यक्ति के घायल होने की भी पुष्टि हुई है।