अमृतसर में एक ट्रैफिक पुलिसकर्मी की सड़क हादसे में मौत हो गई। ड्यूटी के दौरान सड़क पार करते हुए ये हादसा हुआ।

अमृतसर में गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में ट्रैफिक पुलिस के कर्मचारी की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि ड्यूटी के दौरान एक तेज रफ्तार स्कूटी ने ट्रैफिक पुलिसकर्मी को टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि पुलिसकर्मी की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है ताकि घटना के कारणों का पता चल सके। पुलिसकर्मी के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। घटना की जानकारी पुलिस विभाग के अधिकारियों और मृतक के परिजनों को दे दी गई है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज और प्रत्यक्षदर्शियों के आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी।

