ग्राम पंचायत अमरपुर घना में जलभराव और खराब रास्तों के कारण ग्रामीणों के आवागमन में भारी परेशानी को देखते हुए भारतीय किसान यूनियन (अ) टिकैत के पदाधिकारियों ने ग्रामीणों की ओर से तहसील पर एसडीएम शिव प्रकाश यादव को एक ज्ञापन सौंपकर समस्या के शीघ्र समाधान की मांग की है।
मंगलवार को किसान नेताओं ने एसडीएम को ज्ञापन में बताया गया है कि गांव में जलभराव एवं खराब रास्तों के कारण लोगों को काफी दिक्कतें हो रही हैं। विशेष रूप से जूनियर हाईस्कूल के सामने रास्ते में पानी भरा होने से विद्यालय आने-जाने वाले छात्र-छात्राओं को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि बरसात के दिनों में स्थिति और अधिक खराब हो जाती है तथा कीचड़ और पानी के कारण रास्ते से निकलना मुश्किल हो जाता है। शिकायत में कहा है कि गांव में कई स्थानों पर रास्तों की हालत बेहद खराब है। जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण बारिश का पानी रास्तों पर जमा हो जाता है। इससे ग्रामीणों को रोजाना परेशानी झेलनी पड़ रही है। किसान नेताओं ने एसडीएम से मामले का संज्ञान लेकर मौके की स्थिति का निरीक्षण कराने तथा जलभराव और खराब रास्तों की समस्या का स्थायी समाधान कराने की मांग की है। ज्ञापन देने वालों में मोनू ठाकुर कन्हैया ठाकुर, नीरज बघेल, दुर्गेश बघेल, अश्वनी माहौर सोनू पंडित, देवेश, अमन, रोहन, पंकज, हरिवंश के अलावा गांव के ग्रामीण जन मौजूद रहे


