ग्राम पंचायत लोहर्रा में मोक्षधाम और कब्रिस्तान तक जाने वाला रास्ता वर्षों से बदहाल पड़ा है। रास्ते पर जलभराव, कीचड़ और गंदगी के कारण ग्रामीणों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सर्वाधिक समस्या का सामना लोगों को उस वक्त होती है जब किसी मृतक की अंत्येष्टी या जमींदोज करने के लिए शव को ले जाया जाता है। लोगों को दुर्गंध और कीचड़ वाले रास्ते से होकर शव की अंतिम यात्रा करनी पड़ती है।
मार्ग को लेकर ग्रामीणों का आरोप है कि रास्ते पर लंबे समय से पानी भरा रहने के कारण कीचड़ जमा हो गया है। गंदगी के चलते आसपास दुर्गंध का वातावरण बना रहता है। बरसात के दिनों में स्थिति और भी खराब हो जाती है। कई बार ग्रामीणों को शव को बेहद मुश्किल परिस्थितियों में लेकर जाना पड़ता है। इससे ग्रामीणों में काफी रोष व्याप्त है। ग्रामीण जगदीश प्रसाद ने बताया कि समस्या के समाधान के लिए शासन के पोर्टल पर कई बार लिखित शिकायतें दर्ज कराई जा चुकी हैं। शिकायत मिलने पर संबंधित कर्मचारी मौके पर पहुंचते हैं और समस्या का शीघ्र समाधान कराने का आश्वासन देकर चले जाते हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि बाद में शिकायत पर आख्या लगाकर मामले की इतिश्री कर दी जाती है, जबकि धरातल पर समस्या जस की तस बनी हुई है। ग्रामीणों ने प्रशासन से श्मशान घाट और कब्रिस्तान तक जाने वाले रास्ते को जल्द दुरुस्त कराने, जलभराव की समस्या दूर कराने तथा साफ-सफाई कराने की उच्चाधिकारियों से मांग की है। समस्या के समाधान हेतु मांग करने वालों में इस्लाम, जगदीश प्रसाद, कृष्ण कुमार, प्रदीप, रामखिलाड़ी, कपिल गुप्ता, रामनिवास, अशोक, बनवारी लाल, गंगा सरन, होरी लाल, दिनेश, पवन, शिव कुमार सहित दर्जनों ग्रामीण शामिल हैं। वहीं ग्राम प्रधान भोला ने बताया की गांव के रास्ते मे बरसात होने के कारण जलभराव हो जाता हैं, जल्द समस्या का समाधान कराया जाएगा।


