तलाशी के दौरान गाड़ी से 4 किलो 29 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। थाना सदर कोटकपूरा में एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज कर पूछताछ की जा रही है।

फरीदकोट में जिला पुलिस के सीआईए स्टाफ ने नशा तस्करों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 4 किलो 29 ग्राम हेरोइन बरामद कर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान मुक्तसर जिले के गांव हरीके कलां निवासी संदीप सिंह उर्फ सीपा, फरीदकोट के गांव खारा निवासी मनवीर सिंह उर्फ हनी तथा कोटकपूरा निवासी प्रवेश और वासु बिरला के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, एसएसपी गुरबंस सिंह बैंस के निर्देश पर सीआईए प्रभारी हाकम सिंह के नेतृत्व में टीम कोटकपूरा-मुक्तसर रोड पर गश्त कर रही थी। गांव खारा में बंद पड़े पेट्रोल पंप की खंडहरनुमा इमारत के पास पुलिस को ब्रेजा गाड़ी के साथ चार युवक संदिग्ध हालत में दिखाई दिए।
पुलिस को देखकर उन्होंने गाड़ी से भागने का प्रयास किया, लेकिन टीम ने उन्हें रोक लिया। तलाशी के दौरान गाड़ी से 4 किलो 29 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। थाना सदर कोटकपूरा में एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज कर पूछताछ की जा रही है। पंजाब विधानसभा के स्पीकर कुलतार सिंह संधवां ने पुलिस कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि नशा तस्करों के खिलाफ अभियान लगातार जारी है। जो हमारी युवा नस्ल को खराब कर रहे हैं उन्हें छोड़ा नहीं जाएगा।
