ग्रीन पार्क रेजिडेंशियल अपार्टमेंट वेलफेयर सोसाइटी में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर मंदिर में महाआरती और भजन-कीर्तन के आयोजन पर विवाद खड़ा हो गया है। सोसाइटी प्रबंधन समिति और निवासियों ने रात 11:15 बजे महाआरती का कार्यक्रम तय किया था।
आरोप है कि आयोजन की सूचना सोसाइटी के आधिकारिक व्हाट्सएप ग्रुप में साझा किए जाने के बाद बिल्डर ने संदेश डिलीट कर दिया। इसके बाद ग्रुप में संदेश भेजकर रात आठ बजे के बाद मंदिर में महाआरती नहीं होने देने की बात कही गई।
मामले में ग्रीन पार्क अपार्टमेंट वेलफेयर सोसाइटी के अध्यक्ष हरेंद्र कुमार वार्ष्णेय ने थाना महुआखेड़ा में शिकायती प्रार्थना पत्र देकर तत्काल हस्तक्षेप और कार्रवाई की मांग की है। शिकायत में कहा गया है कि जन्माष्टमी पर प्रबंधन समिति और निवासी मंदिर में रात 11:15 बजे महाआरती करना चाहते थे। समिति ने इसकी जानकारी आधिकारिक व्हाट्सएप ग्रुप पर साझा की, लेकिन आरोप है कि बिल्डर ने संदेश डिलीट कर दिया। इसके बाद ग्रुप में मंदिर को रात आठ बजे तक ही खोलने और निर्धारित समय के बाद किसी भी आरती पर रोक लगाने की बात कही गई।
अध्यक्ष ने शिकायत में सोसाइटी के प्रबंधन को लेकर पहले हुए विवाद का भी उल्लेख किया है। उनका आरोप है कि वैधानिक प्रबंधन समिति के गठन के बावजूद बिल्डर समिति को दरकिनार कर सोसाइटी के मामलों में हस्तक्षेप कर रहे हैं। अब मंदिर में धार्मिक आयोजन में भी हस्तक्षेप किए जाने से निवासियों में रोष है। बिल्डर संजीव पाराशर का पक्ष जानने के लिए मोबाइल पर कई बार संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनसे बातचीत नहीं हो सकी।
सीओ बन्ना देवी धनंजय सिंह ने बताया कि ग्रीन पार्क में धार्मिक आयोजन के समय और मंदिर के संचालन को लेकर विवाद की स्थिति की जानकारी मिली है। मामले में समाधान के लिए दोनों पक्षों से बातचीत की जाएगी।




